1. Home
  2. व्यापार

Paytm पेमेंट सर्विसेज के CEO नकुल जैन का इस्तीफा, शुरू करेंगे अपना बिजनेस

Paytm पेमेंट सर्विसेज के CEO नकुल जैन का इस्तीफा, शुरू करेंगे अपना बिजनेस

नई दिल्ली: पेटीएम पेमेंट सर्विसेज लिमिटेड (PPSL) के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) नकुल जैन (Nakul Jain) ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने यह कदम अपने स्वयं के व्यवसाय को शुरू करने के लिए उठाया है। कंपनी ने इस बात की जानकारी स्टॉक एक्सचेंज में फाइलिंग के जरिए साझा की।

कंपनी ने कहा, "हम नए सीईओ के लिए उपयुक्त उम्मीदवार की तलाश कर रहे हैं और जल्द ही नए नाम की घोषणा की जाएगी। फिलहाल, पीपीएसएल अपने विकास और व्यावसायिक लक्ष्यों को हासिल करने पर ध्यान केंद्रित कर रहा है।"

नकुल जैन का इस्तीफा उस समय सामने आया है जब कंपनी भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) से पेमेंट एग्रीगेटर (PA) लाइसेंस की मंजूरी का इंतजार कर रही है। नवंबर 2022 में, विदेशी निवेश नियमों का पालन न करने के कारण आरबीआई ने पेटीएम के आवेदन को खारिज कर दिया था।

हालांकि, अगस्त 2024 में पेटीएम को पीपीएसएल में डाउनस्ट्रीम निवेश के लिए सरकार से मंजूरी मिल गई थी, जिसके बाद कंपनी ने दोबारा पीए लाइसेंस के लिए आवेदन किया। लाइसेंस के अनुमोदन तक, पीपीएसएल अपने मौजूदा ऑनलाइन व्यापारियों को भुगतान सेवाएं प्रदान करता रहेगा।