EPFO ने लॉन्च की केंद्रीकृत पेंशन भुगतान प्रणाली, पेंशनभोगियों को मिलेगी बड़ी सुविधा

नई दिल्ली: कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) ने कर्मचारी पेंशन योजना 1995 के तहत केंद्रीकृत पेंशन भुगतान प्रणाली (CPPS) को देशभर में लागू कर दिया है। इस पहल से पेंशनभोगियों को अब किसी भी बैंक की किसी भी शाखा से अपनी पेंशन प्राप्त करने की सुविधा मिलेगी। दिसंबर 2024 के लिए इस नई प्रणाली के तहत 68 लाख से अधिक पेंशनभोगियों को 1,570 करोड़ रुपये की पेंशन वितरित की गई।
केंद्रीय श्रम मंत्री मनसुख मंडाविया ने इसे "ऐतिहासिक मील का पत्थर" बताया। उन्होंने कहा कि पेंशनभोगियों को अब भौतिक सत्यापन के लिए शाखाओं पर जाने की आवश्यकता नहीं होगी।
इस प्रणाली का पहला पायलट प्रोजेक्ट अक्तूबर 2024 में करनाल, जम्मू और श्रीनगर में सफलतापूर्वक पूरा हुआ। दूसरा पायलट प्रोजेक्ट नवंबर 2024 में 24 क्षेत्रीय कार्यालयों में लागू किया गया।
प्रमुख लाभ:
कहीं से भी पेंशन निकासी: पेंशनभोगी अब देशभर में किसी भी शाखा से पेंशन प्राप्त कर सकते हैं।
पीपीओ ट्रांसफर की जरूरत खत्म: पेंशन भुगतान आदेश (PPO) के स्थानांतरण के बिना ही निकासी संभव होगी।
भौतिक सत्यापन की जरूरत नहीं: डिजिटल सुविधा से पेंशनभोगियों को शाखाओं पर जाने की आवश्यकता नहीं होगी।
यह कदम उन पेंशनभोगियों के लिए विशेष रूप से फायदेमंद है, जो सेवानिवृत्ति के बाद अपने गृह नगरों में शिफ्ट हो जाते हैं। EPFO ने इसे पेंशनधारकों की सुविधा के लिए उठाया गया बड़ा सुधारात्मक कदम बताया है।
.webp)
