Gold Price : लाइफटाइम हाई से नीचे आया सोने का भाव, जानें कितना गिरा गोल्ड का रेट

Gold Price : अखिल भारतीय सर्राफा संघ के अनुसार, घरेलू मांग में कमजोरी के चलते राष्ट्रीय राजधानी के सर्राफा बाजार में सोने की कीमतें गिर गईं। 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाला सोना 200 रुपये सस्ता होकर 88,900 रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गया। इससे पहले के कारोबारी सत्र में यह 89,100 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था।
Gold Price: दूसरे दिन भी जारी रही गिरावट
यह लगातार दूसरा दिन है जब सोने के दाम नीचे आए हैं। 99.5 प्रतिशत शुद्धता वाले सोने की कीमत में भी 200 रुपये की गिरावट दर्ज की गई, जिससे यह 88,500 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया। कारोबारियों का कहना है कि स्थानीय आभूषण विक्रेताओं और खुदरा ग्राहकों की कमजोर मांग के कारण यह गिरावट आई है।
चांदी के दाम में तेजी जारी
वहीं, चांदी की कीमत में लगातार चौथे दिन तेजी देखने को मिली। 500 रुपये की वृद्धि के साथ चांदी 99,500 रुपये प्रति किलोग्राम हो गई। पिछले चार कारोबारी सत्रों में चांदी की कीमत में कुल 3,100 रुपये की बढ़ोतरी दर्ज की गई है।
वायदा बाजार और वैश्विक स्तर पर सोने का हाल
एमसीएक्स वायदा बाजार में अप्रैल डिलीवरी वाला सोना 50 रुपये सस्ता होकर 85,983 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया। वहीं, वैश्विक बाजार में सोना वायदा 2,929.30 डॉलर प्रति औंस पर स्थिर रहा, जबकि हाजिर सोना 10.14 डॉलर बढ़कर 2,921.94 डॉलर प्रति औंस हो गया। दूसरी ओर, एशियाई बाजार में चांदी वायदा 0.17 प्रतिशत गिरकर 33.28 डॉलर प्रति औंस दर्ज की गई।
विश्लेषकों की राय
एचडीएफसी सिक्योरिटीज के वरिष्ठ जिंस विश्लेषक सौमिल गांधी के अनुसार, सोने की कीमतों में यह गिरावट निवेशकों द्वारा नए टैरिफ बदलावों और उनके प्रभावों पर विचार करने के कारण आई है। चर्चा है कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप मेक्सिको और कनाडा पर टैरिफ में कटौती पर विचार कर सकते हैं, जिससे सोने की कीमतें नरम पड़ी हैं। साथ ही, अमेरिका के एडीपी गैर-कृषि रोजगार, गैर-कृषि पेरोल और बेरोजगारी से जुड़े प्रमुख आर्थिक आंकड़ों के जारी होने के कारण आने वाले दिनों में सोने-चांदी की कीमतों में अस्थिरता बनी रह सकती है।
.webp)
