1. Home
  2. व्यापार

Gold Rate : अमेरिकी ट्रेड तनाव के बीच सोना सस्ता हुआ या महंगा? जानिए आज अपनी शहर का ताज़ा रेट

Gold Rate

Gold Rate : टैरिफ में बदलाव और बदलते वैश्विक हालात के चलते हाल ही में सोना और चांदी के दामों में लगातार उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है। सुबह के सत्र में भाव बढ़ते हैं, जबकि दिन के अंत तक इनमें हल्की गिरावट आ जाती है। फिलहाल 24 कैरेट सोना 1 लाख रुपये से ऊपर और चांदी 1 लाख रुपये प्रति किलो के पार बनी हुई है, जिससे खासकर महिलाओं और आभूषण खरीदारों में चिंता बढ़ गई है।

सोने के ताज़ा भाव


इंडियन बुलियन एंड ज्वैलर्स एसोसिएशन (IBJA) के मुताबिक, 8 अगस्त को 24 कैरेट सोना 1,00,942 रुपये प्रति 10 ग्राम और चांदी 1,14,732 रुपये प्रति किलो रही। शनिवार और रविवार को बाजार बंद रहने से भाव स्थिर रहे। 8 अगस्त को 995 प्योरिटी सोना 1,00,538 रुपये, 916 कैरेट सोना 92,463 रुपये और 750 प्योरिटी सोना 75,707 रुपये प्रति 10 ग्राम दर्ज किया गया।

आज यानी 11 अगस्त 2025 को दिल्ली में 24 कैरेट सोना 1,03,460 रुपये और 22 कैरेट सोना 94,850 रुपये प्रति 10 ग्राम पर कारोबार कर रहा है। पिछले दिन के मुकाबले कीमतों में कोई बदलाव नहीं है, जो बाजार में फिलहाल स्थिरता का संकेत देता है।

कीमत तय होने के कारक


सोना और चांदी के रेट कई कारकों पर निर्भर करते हैं—अंतरराष्ट्रीय स्पॉट प्राइस, डॉलर-रुपया विनिमय दर, आयात शुल्क, वैश्विक आर्थिक रुझान, सांस्कृतिक मांग और मुद्रास्फीति। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर इन धातुओं की कीमत लंदन बुलियन मार्केट और COMEX जैसे एक्सचेंजों पर अमेरिकी डॉलर में तय होती है। चूंकि भारत में अधिकतर सोना-चांदी आयात होता है, इसलिए रुपये की कमजोरी का सीधा असर इनके दाम पर पड़ता है। इसके अलावा सीमा शुल्क, कृषि इंफ्रास्ट्रक्चर विकास उपकर (AIDC) और GST भी कीमत में शामिल होते हैं।

वैश्विक स्तर पर युद्ध, मंदी, ब्याज दरों में बदलाव या बैंकिंग संकट जैसी परिस्थितियां सोने को “सेफ हेवन” निवेश बना देती हैं, जिससे इसकी मांग और कीमत दोनों बढ़ जाती हैं। भारत में सोना निवेश के साथ-साथ शादी-ब्याह, त्योहार और धार्मिक अवसरों पर शुभ माना जाता है, जिसके कारण इसकी मांग सालभर बनी रहती है। महंगाई बढ़ने पर लोग लंबे समय तक मूल्य सुरक्षित रखने के लिए सोने में निवेश को प्राथमिकता देते हैं।