1. Home
  2. क्राइम

वाराणसी में 8 साल की मासूम की अपहरण के बाद निर्मम हत्या, मंगलवार की शाम से लापता थी बच्ची

वाराणसी में 8 साल की मासूम की अपहरण के बाद निर्मम हत्या, मंगलवार की शाम से लापता थी बच्ची

वाराणसी। रामनगर क्षेत्र में एक दर्दनाक घटना सामने आई है। मंगलवार शाम घर से बाहर गई एक 8 साल की बच्ची का शव बुधवार सुबह बहादुरपुर गांव के पास एक प्राइमरी स्कूल के परिसर में मिला। शव मिलने की सूचना से इलाके में सनसनी फैल गई।


बोरी में बांधकर फेंका गया शव

शव प्लास्टिक की बोरी में बंद था, जिसमें बच्ची के हाथ-पैर रस्सी से बंधे हुए थे। बोरी खोलने पर देखा गया कि बच्ची के शरीर पर कपड़े नहीं थे और कुछ चोटों के निशान भी पाए गए। शरीर पर खून के धब्बे थे, जिससे स्पष्ट होता है कि बच्ची के साथ बेहद बर्बरता की गई थी।


सामान लेने गई थी बच्ची

मृत बच्ची के पिता ने बताया कि मंगलवार शाम वह घर से मच्छर भगाने की क्वाइल लाने के लिए निकली थी। मां ने उसे बाहर जाने से मना किया था, लेकिन वह पोलाव शहीद मजार के पास की दुकान पर चली गई। शाम 7 बजे निकली बच्ची जब 8 बजे तक वापस नहीं लौटी, तो परिजनों ने उसकी खोजबीन शुरू की।


पूरी रात चलती रही तलाश

दुकानदार ने बताया कि बच्ची सामान लेकर तुरंत लौट गई थी। इसके बाद परिजनों ने आसपास तलाश की और पुलिस को भी बच्ची के लापता होने की सूचना दी। रातभर पूरे इलाके में ढूंढने के बाद भी बच्ची का कोई पता नहीं चला।


शव मिलने पर हुई पहचान

बुधवार सुबह स्कूल के प्रधानाध्यापक ने परिसर में बोरी देखी और पुलिस को बुलाया। जब बोरी खोली गई, तो उसमें बच्ची का शव मिला। परिजनों ने शव की पहचान अपनी बेटी के रूप में की। शव को देखकर अंदेशा है कि बच्ची को पहले मारा-पीटा गया और फिर रस्सी से बांधकर बोरी में भरकर स्कूल परिसर के कूड़े के पास फेंक दिया गया।


पुलिस जांच में जुटी

इस निर्मम हत्या से इलाके में दहशत फैल गई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना के पीछे के कारणों और दोषियों की पहचान के लिए टीम सक्रिय है।