Agra : तीसरी पत्नी और 8 साल की मासूम बेटी का कत्ल कर फरार हुआ अब्दुल रशीद, फिर...

Agra News : थाना जगदीशपुरा क्षेत्र के खतैना इलाके में दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। 35 वर्षीय शबीना और उसकी 8 वर्षीय बेटी इनाया की बेरहमी से हत्या कर दी गई। दोनों के शव घर के अंदर कंबल में लिपटे हुए मिले, जबकि घर के मुख्य दरवाजे पर ताला लगा था। मंगलवार रात जब घर से तेज दुर्गंध आने लगी तो पड़ोसियों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जब ताला तोड़ा, तो अंदर का मंजर देखकर सभी कांप उठे।
शबीना के तीसरे पति अब्दुल रशीद पर हत्या का शक है, जो घटना के बाद से फरार है। पुलिस का कहना है कि दोनों शव करीब तीन दिन पुराने हैं और उनके चेहरे व गले पर गहरी चोट के निशान हैं। बताया जा रहा है कि शबीना करीब चार महीने की गर्भवती भी थी।
तीसरा निकाह बना मौत की वजह?
अब्दुल रशीद एक मार्बल कारीगर है और घर से ही काम करता था। उसने शबीना से 8 नवंबर 2024 को तीसरा निकाह किया था। शबीना की पहले पति से एक बेटी इनाया थी, जिसे वह अपने साथ ससुराल लाई थी। शबीना की बहन शबनम ने बताया कि शनिवार शाम को शबीना से आखिरी बार बात हुई थी, जिसमें उसने पति के द्वारा मारपीट की बात कही थी। इसके बाद उसका फोन बंद हो गया।
मुख्यमंत्री पोर्टल पर की थी पत्नी के खिलाफ फर्जी शिकायत
मृतका के पिता इसरार ने बताया कि अब्दुल रशीद ने पहले से ही इस हत्या की योजना बना रखी थी। वह पिछले कई दिनों से मुख्यमंत्री पोर्टल (IGRS) पर पत्नी के खिलाफ मारपीट की शिकायत कर रहा था। पुलिस जांच में पता चला कि शिकायत में दर्ज मोबाइल नंबर अब्दुल के ही किसी परिचित का था, जिससे यह शक और गहरा गया कि यह एक सोची-समझी साजिश थी।
घर से आई दुर्गंध, फिर हुआ राज़ से पर्दा हटना
मंगलवार रात अब्दुल रशीद के घर से दुर्गंध आने पर उसके भाई रहीसुद्दीन के परिवार ने पुलिस को सूचना दी। एसीपी लोहामंडी मयंक तिवारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घर का ताला तोड़ा। अंदर पिछले हिस्से के कमरे में कंबल में लिपटे हुए मां-बेटी के शव पड़े मिले। शव सड़ने लगे थे। उनके शरीर पर चोटों के कई निशान थे, जिससे स्पष्ट था कि हत्या काफी बेरहमी से की गई थी।
परिवार में पहले भी संदेहास्पद घटनाएं
बताया जा रहा है कि अब्दुल रशीद की पहली पत्नी से विवाद था और दूसरी पत्नी की भी संदिग्ध हालात में मृत्यु हो चुकी है। ऐसे में पुलिस को शक है कि अब्दुल रशीद लगातार अपने पारिवारिक संबंधों को लेकर हिंसक होता गया और इस बार उसने अपनी तीसरी पत्नी और मासूम बेटी को भी नहीं बख्शा।
जांच जारी, आरोपी की तलाश में पुलिस टीम तैनात
शबीना के पिता इसरार ने बेटी और नातिन की हत्या की एफआईआर दर्ज कराई है। पुलिस ने कुछ लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है और अब्दुल रशीद की गिरफ्तारी के लिए कई टीमों को लगाया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है, जिससे हत्या के तरीके और समय की पुष्टि होगी।
.webp)
