1. Home
  2. क्राइम

पुलिस मुठभेड़ में पशु तस्कर घायल, एक फरार

पुलिस मुठभेड़ में पशु तस्कर घायल, एक फरार

जौनपुर। क्षेत्र में लगातार हो रही पशु चोरी की घटनाओं से परेशान पशुपालक रातभर जागने को मजबूर थे, और पुलिस पर कार्रवाई न करने का आरोप लग रहा था। इसी बीच, पुलिस ने पशु तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एक बड़ी सफलता हासिल की।

थानाध्यक्ष ओमप्रकाश पांडेय के नेतृत्व में पुलिस टीम ने राजाबाजार चौकी प्रभारी मंशाराम गुप्ता के साथ भोगीपुर-कठार पुलिया पर चेकिंग अभियान चलाया। इसी दौरान, प्रतापगढ़ की ओर से आती एक मोटरसाइकिल को रोकने का प्रयास किया गया। लेकिन मोटरसाइकिल सवार ने रुकने के बजाय पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी।

जवाबी कार्रवाई में थानाध्यक्ष ने सरकारी पिस्टल से आत्मरक्षा के लिए फायर किया, जिससे गोली एक बदमाश के पैर में लग गई। घायल बदमाश पुलिया के पास गिर पड़ा, जबकि उसका साथी बिना नंबर प्लेट की सफेद अपाचे मोटरसाइकिल से भागने में सफल रहा।

पुलिस ने घायल बदमाश के पास से 315 बोर का देशी तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया। पूछताछ में घायल ने अपना नाम शब्बीर (पुत्र सत्तार, निवासी मुरादपुर कोटिला, थाना बदलापुर, जौनपुर) बताया। फरार साथी का नाम असीन (पुत्र साविर खान, निवासी मुरादपुर कोटिला) बताया गया।

घायल को प्राथमिक उपचार के लिए सीएचसी महाराजगंज भेजा गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।