Jaunpur : ननिहाल में आई किशोरी से दुष्कर्म का प्रयास, आरोपी फरार

जौनपुर। शाहगंज क्षेत्र के एक गांव में अपने ननिहाल आई एक किशोरी के साथ दुष्कर्म के प्रयास का मामला सामने आया है। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
आजमगढ़ जनपद के पवई थाना क्षेत्र की रहने वाली किशोरी अपने ननिहाल में आई हुई थी। बीते शनिवार को वह शौच के लिए घर से बाहर खेत में गई थी। उसी दौरान गांव का एक युवक वहां पहुंचा और किशोरी से जबरदस्ती करने का प्रयास किया। किशोरी के शोर मचाने पर आस-पास के लोग दौड़े, जिसे देखकर युवक जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गया।
पीड़िता ने घर लौटकर अपने परिजनों और स्थानीय पुलिस को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पीड़िता की तहरीर पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया।
इस मामले में प्रभारी निरीक्षक दीपेंद्र सिंह ने बताया कि पीड़िता की शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी गई है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है, वहीं पीड़िता के परिजनों ने आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने भी मामले को गंभीरता से लेते हुए जल्द न्याय दिलाने का आश्वासन दिया है।
.webp)
