1. Home
  2. क्राइम

Atul Subhash Suicide Case : पुलिस ने पत्नी निकिता समेत तीन को किया गिरफ्तार, 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा जेल

Atul Subhash Suicide Case : पुलिस ने पत्नी निकिता समेत तीन को किया गिरफ्तार, 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा जेल

Atul Subhash Suicide Case : बंगलूरू पुलिस ने आईटी पेशेवर अतुल सुभाष की आत्महत्या के मामले में अहम कदम उठाते हुए मृतक की पत्नी निकिता और दो अन्य को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने शनिवार सुबह इन आरोपियों को हिरासत में लिया और बंगलूरू लाकर अदालत में पेश किया। कोर्ट ने तीनों को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

गुरुग्राम और प्रयागराज से हुई गिरफ्तारियां

बंगलूरू के डीसीपी (व्हाइट फील्ड डिवीजन) शिवकुमार ने बताया कि मुख्य आरोपी निकिता सिंघानिया को गुरुग्राम (हरियाणा) से पकड़ा गया। वहीं, निकिता की मां निशा सिंघानिया और भाई अनुराग सिंघानिया को प्रयागराज (उत्तर प्रदेश) से गिरफ्तार किया गया। तीनों को अदालत में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेजा गया।

क्या है मामला?

अतुल सुभाष, जो बंगलूरू में एक आईटी पेशेवर के रूप में काम कर रहे थे, ने शादीशुदा जीवन में उत्पीड़न और कानूनी प्रक्रियाओं में देरी से तंग आकर आत्महत्या कर ली। उन्होंने अपनी मौत से पहले करीब डेढ़ घंटे का वीडियो और 24 पन्नों का सुसाइड नोट छोड़ा। इसमें उन्होंने पत्नी और उसके परिवार पर प्रताड़ना के आरोप लगाए और न्याय प्रणाली में भ्रष्टाचार की ओर इशारा किया।

मराठाहल्ली पुलिस ने दर्ज की थी एफआईआर

अतुल के भाई विकास कुमार की शिकायत पर मराठाहल्ली पुलिस ने निकिता सिंघानिया, उनकी मां निशा सिंघानिया, भाई अनुराग सिंघानिया और चाचा सुशील सिंघानिया के खिलाफ केस दर्ज किया था। चारों पर आईपीसी की धारा 108 और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया गया था। एफआईआर के बाद से ही आरोपी फरार थे।

अंतिम संदेश में उठाए गंभीर सवाल

अतुल ने अपनी सुसाइड नोट में सामाजिक और कानूनी व्यवस्था की खामियों को उजागर किया। उन्होंने बताया कि किस तरह शादीशुदा जीवन में लालच, साजिश और अन्याय ने उन्हें आत्महत्या जैसा कठोर कदम उठाने पर मजबूर किया।