1. Home
  2. क्राइम

माइक्रोफाइनेंस बैंक के एजेंट से दिनदहाड़े बैग लूट, पुलिस जांच में जुटी

माइक्रोफाइनेंस बैंक के एजेंट से दिनदहाड़े बैग लूट, पुलिस जांच में जुटी

जौनपुर। चन्दवक थाना क्षेत्र के ब्राम्हणपुर चौकी अंतर्गत सतमेसरा गांव में उज्जीवन माइक्रोफाइनेंस बैंक के कलेक्शन एजेंट के साथ दिनदहाड़े लूट की वारदात सामने आई है। बाइक सवार दो बदमाश एजेंट का बैग छीनकर मौके से फरार हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।

बलिया जिले के चितबड़ा गांव निवासी रोहित गुप्ता, जो चन्दवक स्थित उज्जीवन माइक्रोफाइनेंस बैंक में कलेक्शन एजेंट के पद पर कार्यरत हैं, मंगलवार दोपहर को कलेक्शन के दौरान सतमेसरा गांव के प्राथमिक विद्यालय के पास पहुंचे थे। तभी पीछे से आए बाइक सवार दो अज्ञात बदमाशों ने अचानक उनका बैग छीन लिया और तेज रफ्तार में फरार हो गए। रोहित ने कुछ दूरी तक उनका पीछा भी किया, लेकिन वे भाग निकलने में सफल रहे।

एजेंट के बैग में 7,899 रुपये नगद, एक मोबाइल फोन, और बैंक का केवाईसी मशीन था। घटना की सूचना मिलते ही चन्दवक थानाध्यक्ष बृजेश गुप्ता और क्षेत्राधिकारी अजीत रजक मौके पर पहुंचे और जांच-पड़ताल शुरू कर दी।

बाद में एसपी सिटी अरविंद वर्मा भी घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। चन्दवक थानाध्यक्ष बृजेश गुप्ता ने बताया कि पीड़ित रोहित की तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है और आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस टीम लगाई गई है।

पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है और जल्द ही अपराधियों को पकड़ने का दावा किया जा रहा है।