1. Home
  2. क्राइम

साथ जी नहीं सकते तो साथ मर जाते हैं...शादी के दिन प्रेमी संग भागी प्रेमिका, आम के बाग में फंदे से लटके मिले दोनों

Suicide

बाराबंकी : उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले में दिल को झकझोर देने वाली एक घटना सामने आई है। सोमवार को अपनी शादी के दिन प्रेमी संग भागी युवती और उसके प्रेमी का शव बुधवार सुबह गांव के पास आम के बाग में पेड़ से लटकता हुआ मिला। पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर छानबीन शुरू की और साक्ष्य जुटाए हैं।

घटना की पूरी जानकारी

यह मामला मसौली थाना क्षेत्र के लालपुर मजरे भरथीपुर गांव का है। बुधवार सुबह ग्रामीणों को एक आम के बाग में युवक और युवती के शव पेड़ से लटकते नजर आए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। मृतकों की पहचान शिल्पा यादव (22) और भानुप्रताप सिंह (28) के रूप में हुई है।

Add

शादी के दिन प्रेमी के साथ भाग गई थी युवती

पुलिस जांच में सामने आया है कि शिल्पा यादव की शादी 5 मई को सफदरगंज थाना क्षेत्र के प्यारेपुर सरैया गांव निवासी सुनील कुमार से तय थी। लेकिन शादी वाले दिन ही शिल्पा घर से भाग गई थी। बताया जा रहा है कि वह अपने प्रेमी भानुप्रताप के साथ चली गई थी, जिससे उसके परिवार में हड़कंप मच गया। स्थिति संभालने के लिए परिजनों ने शिल्पा की चचेरी बहन की शादी सुनील कुमार से करा दी थी।

मिला सुसाइड नोट, लिखा– "पापा, माफ कर देना"

घटनास्थल से पुलिस को मृतक युवक की मोटरसाइकिल और एक कथित सुसाइड नोट मिला है। उस पत्र में लिखा था:"हम दोनों अपनी मर्जी से यह कदम उठा रहे हैं। हमें अपनी गलती का पछतावा है। हमने सोचा कि अगर साथ जी नहीं सकते तो साथ मर सकते हैं... पापा, मुझे माफ कर देना।"

पुलिस कर रही जांच

पुलिस क्षेत्राधिकारी गरिमा पंत ने बताया कि फॉरेंसिक टीम के साथ घटनास्थल की जांच की गई है और परिजनों से पूछताछ की जा रही है। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं से मामले की तफ्तीश कर रही है।