1. Home
  2. क्राइम

बसीरपुर गांव बना पुलिस छावनी: शराब ठेके को लेकर दो गुटों में हिंसक झड़प, गोलीबारी में तीन घायल, तोड़फोड़ और आगजनी

बसीरपुर गांव बना पुलिस छावनी: शराब ठेके को लेकर दो गुटों में हिंसक झड़प, गोलीबारी में तीन घायल, तोड़फोड़ और आगजनी

जौनपुर। जफराबाद थाना क्षेत्र के बसीरपुर गांव में रविवार की शाम शुरू हुआ विवाद सोमवार को और अधिक उग्र रूप ले चुका है। आवास सर्वे को लेकर दो राजनीतिक गुटों के बीच उपजे तनाव ने देखते ही देखते हिंसक झड़प का रूप ले लिया। इस दौरान हुई गोलीबारी में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हालात बिगड़ते देख प्रशासन ने गांव में भारी पुलिस बल और पीएसी की तैनाती कर दी है।

रविवार को पथराव और गोलीबारी के बाद बढ़ा तनाव
रविवार शाम को बसीरपुर गांव में आवास सर्वे के दौरान दो राजनीतिक गुटों के बीच कहासुनी हो गई, जो जल्द ही पथराव और गोलीबारी में बदल गई। इस घटना में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद गुस्साई भीड़ ने आरोपियों के घरों पर पथराव किया, जिससे गांव में तनाव और बढ़ गया।

सोमवार को शराब ठेके को लेकर फिर भड़की हिंसा

सोमवार सुबह मामला उस समय और बिगड़ गया जब आरोपी रामहित निषाद के भाई रामजस के मकान में स्थित देशी शराब के ठेके को खोलने के लिए गद्दीदार पहुंचा। इस पर गांव के लोग भड़क उठे और भारी संख्या में जमा होकर ठेके के पास पहुंच गए। गुस्साई भीड़ ने दुकान के पीछे बने अर्धनिर्मित ढांचे में तोड़फोड़ की और मड़हे को आग के हवाले कर दिया।

प्रशासन हरकत में, भारी पुलिस बल तैनात

आगजनी की सूचना मिलते ही प्रशासन में हड़कंप मच गया। सीओ सिटी आयुष श्रीवास्तव और जफराबाद थाना प्रभारी जय प्रकाश यादव मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक भीड़ वहां से तितर-बितर हो चुकी थी। स्थिति को देखते हुए गांव में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है और पूरे दिन दोनों बस्तियों में पुलिस गश्त करती रही।

गोलियों के खोखे और लाइसेंसी रिवाल्वर बरामद

प्रभारी निरीक्षक जय प्रकाश यादव ने बताया कि जांच के दौरान घटनास्थल से लाइसेंसी रिवाल्वर और भारी मात्रा में गोलियों के खोखे बरामद किए गए हैं। पुलिस ने गोलीकांड के पांच आरोपियों में से तीन - रामहित निषाद, उनके पुत्र अविनाश निषाद और भतीजे पंकज उर्फ रिंकू निषाद को जफराबाद रेलवे क्रॉसिंग के पास से गिरफ्तार कर लिया है। शेष दो आरोपियों की तलाश के लिए दबिश दी जा रही है।


गांव में अब भी तनावपूर्ण शांति बनी हुई है। किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए पुलिस बल के साथ-साथ प्रशासनिक अधिकारी लगातार गश्त कर रहे हैं। अधिकारी स्थिति पर पैनी नजर बनाए हुए हैं और स्थानीय लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की जा रही है।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और किसी को भी कानून हाथ में लेने की इजाजत नहीं दी जाएगी।