भदैनी सामूहिक हत्याकांड : पांच हत्याओं का आरोपी विशाल गुप्ता उर्फ विक्की गिरफ्तार, 1 लाख का था इनामी

Varanasi : बीते साल के सबसे चर्चित हत्याकांडों में से एक भदैनी सामूहिक हत्याकांड (Badaini Mass Murder) में भेलूपुर पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पांच हत्याओं के आरोपी एक लाख के इनामी विशाल गुप्ता उर्फ विक्की को पुलिस ने धर दबोचा है। विक्की पर अपने चाचा राजेंद्र प्रसाद गुप्ता और उनके पूरे परिवार की हत्या का आरोप है।
क्या है पूरा मामला?
यह दिल दहला देने वाला हत्याकांड 5 नवंबर 2024 को भेलूपुर थाना क्षेत्र के भदैनी में सामने आया था। राजेंद्र प्रसाद गुप्ता की पत्नी नीतू, बेटी गौरांगी, और बेटों नमनेंद्र व सुबेंद्र के शव उनके घर में मिले थे। चारों को गोली मारकर मौत के घाट उतार दिया गया था।
इसके अलावा, राजेंद्र प्रसाद गुप्ता का शव रोहनिया थाना क्षेत्र के मीरापुर रामपुर में उनके निर्माणाधीन मकान में मिला था। पुलिस जांच में सामने आया कि विशाल गुप्ता उर्फ विक्की ने अपने माता-पिता की हत्या का बदला लेने के लिए इस हत्याकांड को अंजाम दिया।
लंबे समय से फरार था विक्की
हत्या के बाद से ही विशाल गुप्ता फरार था। पुलिस ने उस पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया था और लगातार उसकी तलाश कर रही थी। पुलिस की कड़ी मशक्कत के बाद आखिरकार उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
विशाल गुप्ता के घर पर चस्पा की गई थी कुर्की की नोटिस
विशाल के फरार होने के बाद पुलिस ने कोर्ट से कुर्की की कार्रवाई का आदेश लिया और उसके घर पर नोटिस चस्पा कर दी थी। साथ ही, मोहल्ले में डुगडुगी पिटवाकर लोगों को इसकी सूचना दी गई थी।
हालांकि, इस कार्रवाई पर मृतक राजेंद्र गुप्ता की बुजुर्ग मां शारदा देवी ने आपत्ति जताई थी। उन्होंने कोर्ट का दरवाजा खटखटाकर पुलिस की कुर्की कार्रवाई पर रोक लगाने की अपील की थी।
पुलिस प्रेस कॉन्फ्रेंस में होंगे बड़े खुलासे
इस सनसनीखेज हत्याकांड से जुड़े और भी कई राज़ आज दोपहर 3 बजे पुलिस आयुक्त की प्रेस कॉन्फ्रेंस में सामने आ सकते हैं। पुलिस की इस बड़ी कार्रवाई के बाद मामले को लेकर जारी तनाव और अनिश्चितता खत्म होने की उम्मीद है।
.webp)
