सड़क से उठाया, बेटी बनाकर पाला...बड़ी होकर बनी उसी की कातिल, प्रेमी संग मिलकर मां को उतारा मौत के घाट

भुवनेश्वर: राजलक्ष्मी कर को शायद कभी यह अंदाजा भी नहीं रहा होगा कि जिस मासूम बच्ची को उसने एक दिन सड़क किनारे बेसहारा देखा और सीने से लगाकर अपनी बेटी बनाया, वही एक दिन उसकी जान की दुश्मन बन जाएगी। यह चौंकाने वाली घटना ओडिशा के गजपति जिले से सामने आई है, जहां एक नाबालिग लड़की ने अपनी गोद ली हुई मां की निर्मम हत्या कर दी— वो भी दो दोस्तों की मदद से।
सड़क से मिली बेटी ने रचा मौत का खेल
करीब 14 साल पहले राजलक्ष्मी और उनके पति को भुवनेश्वर की एक सड़क पर तीन साल की एक बच्ची लावारिस हालत में मिली थी। नि:संतान दंपत्ति ने उस बच्ची को अपनाया और बेटी की तरह पाला। लेकिन पति की मृत्यु के बाद राजलक्ष्मी ने अकेले ही उस बच्ची की परवरिश की। पढ़ाई के लिए वह बेटी को लेकर परलाखेमुंडी शहर चली गईं और वहीं किराए पर घर लेकर रहने लगीं।
8वीं की छात्रा, दो प्रेमी और एक दिल दहला देने वाली साजिश
राजलक्ष्मी की 8वीं कक्षा में पढ़ने वाली बेटी का संपर्क दो युवकों — 21 वर्षीय मंदिर के पुजारी गणेश रथ और 20 वर्षीय दिनेश साहू — से हो गया। उम्र में बड़ी इन लड़कों से उसके रिश्ते को लेकर राजलक्ष्मी ने आपत्ति जताई थी, जो उसके खिलाफ नफरत में बदल गई। पुलिस के मुताबिक, इसी रंजिश के चलते बेटी ने अपनी मां की हत्या का प्लान तैयार किया।
इस तरह की हत्या
29 अप्रैल की शाम लड़की ने अपनी मां को पहले नींद की गोलियां दीं और जब वह बेसुध हो गईं, तो दोनों लड़कों को बुलाकर तकिए से उसका मुंह दबाकर जान ले ली गई। फिर अस्पताल ले जाकर दावा किया गया कि उन्हें दिल का दौरा पड़ा है। राजलक्ष्मी को पहले से हृदय रोग था, इसलिए किसी को शक नहीं हुआ। अगले दिन भुवनेश्वर में अंतिम संस्कार भी कर दिया गया।
इंस्टाग्राम चैट ने खोल दी साजिश की परतें
सबकुछ योजना के मुताबिक चल रहा था, लेकिन किस्मत को कुछ और मंजूर था। लगभग 15 दिन बाद राजलक्ष्मी के भाई सिबा प्रसाद मिश्रा को लड़की का मोबाइल फोन मिला, जिसमें इंस्टाग्राम पर की गई चैट्स में हत्या की पूरी प्लानिंग दर्ज थी — यहां तक कि गहनों और नकदी को कैसे हड़पना है, इसका भी जिक्र था। इस खुलासे के बाद मिश्रा ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
तीनों आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने किशोरी लड़की समेत गणेश रथ और दिनेश साहू को गिरफ्तार कर लिया है। तीनों ने अपराध कबूल कर लिया है। पुलिस ने उनके पास से 30 ग्राम सोने के गहने, तीन मोबाइल और हत्या में इस्तेमाल किए गए दो तकिए बरामद किए हैं। यह भी सामने आया कि लड़की ने पहले ही कुछ गहने रथ को दे दिए थे, जिसे उसने करीब 2.4 लाख रुपये में गिरवी रखा था।
.webp)
