1. Home
  2. क्राइम

Bijnor Murder Case : पत्नी ने रेलकर्मी पति को गला घोट कर मार डाला, बोली- हार्ट अटैक आया है, ऐसे खुली पोल

Binor

Bijnor Murder Case : उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले में एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक महिला ने अपने पति की गला घोंटकर हत्या कर दी और फिर उसे दिल का दौरा दिखाकर छुपाने की कोशिश की। यह पूरा मामला तब उजागर हुआ जब पोस्टमार्टम रिपोर्ट में दम घोंटने की पुष्टि हुई।

पति की गला दबाकर की हत्या

नजीबाबाद के आदर्श नगर में किराए पर रहने वाले रेल कर्मचारी दीपक कुमार (29) की मौत को पत्नी शिवानी ने 4 अप्रैल को दिल का दौरा बता दिया था। लेकिन गले पर निशान देखकर परिजनों ने शक जाहिर किया और पोस्टमार्टम की मांग की। रिपोर्ट आने पर हत्या की पुष्टि हुई, जिसके बाद पुलिस ने शिवानी को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस पूछताछ में आरोपी पत्नी ने किया कबूल

पुलिस के अनुसार, दीपक कुमार नजीबाबाद रेलवे स्टेशन के कैरिज एंड वैगन विभाग में टेक्नीशियन थे। पत्नी शिवानी ने पहले दीपक को निजी अस्पताल, फिर सीएचसी और अंत में जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।

सीओ नितेश प्रताप सिंह ने बताया कि शुरू में शिवानी गुमराह करने की कोशिश करती रही, लेकिन बाद में उसने गला घोंटकर हत्या करने की बात स्वीकार कर ली। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि उसने यह वारदात अकेले की या किसी साथी की मदद से।

रस्सी से गला घोंटकर मारा, प्रेम-प्रसंग की भी जांच

एसपी सिटी संजीव वाजपेयी के मुताबिक, हत्या के वक्त दीपक कुछ खा रहे थे और उनके गले में खाना फंसा मिला। इससे यह साबित होता है कि उन पर अचानक हमला किया गया। आरोपी शिवानी ने पूछताछ में एक युवक का नाम लिया, लेकिन पुलिस जांच में उसका कोई संबंध नहीं पाया गया।

प्रेम विवाह के बाद बिगड़े रिश्ते

दीपक और शिवानी का प्रेम विवाह 17 जनवरी 2024 को हुआ था। दीपक मूल रूप से मुकरंदपुर, हल्दौर का निवासी था जबकि शिवानी चौहड़पुर नहटौर से थी। उनका एक एक साल का बेटा वेदांत है। दीपक के परिवार वालों ने बताया कि शिवानी का व्यवहार ससुराल वालों से अच्छा नहीं था, वह सास से मारपीट भी करती थी। इसी तनाव के चलते दीपक ने 15 दिन पहले पत्नी को अलग ले जाकर नजीबाबाद में किराए पर रखा था।

हत्या के पीछे संपत्ति और नौकरी पाने की लालच?

परिजनों ने आरोप लगाया कि शिवानी की नजर दीपक की नौकरी और आर्थिक लाभ पर थी। दीपक ने पहले सीआरपीएफ में नौकरी की थी, जिसे छोड़कर मार्च 2023 में रेलवे जॉइन किया। परिजनों को शक है कि शिवानी ने मृतक आश्रित कोटे और फंड के लालच में यह हत्या की।

पुलिस जुटी हत्या की गहराई से जांच में

फिलहाल पुलिस ने शिवानी को हिरासत में लेकर केस दर्ज कर लिया है। साथ ही, यह जानने के लिए जांच जारी है कि उसका कोई अन्य साथी था या नहीं।

एसपी सिटी संजीव वाजपेयी ने बताया कि मामले की हर एंगल से गहन जांच की जा रही है, जल्द ही सच्चाई सामने लाने की कोशिश जारी है।