1. Home
  2. क्राइम

किराना व्यवसायी की सिर कुचकर निर्मम हत्या, बाजार में आक्रोश

किराना व्यवसायी की सिर कुचकर निर्मम हत्या, बाजार में आक्रोश

जौनपुर। केराकत कोतवाली क्षेत्र के थानागद्दी बाजार में एक किराना व्यवसायी की सिर कुचकर बेरहमी से हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान असलम (35) पुत्र अलाउद्दीन के रूप में हुई, जो पराउगंज बाजार में किराना की दुकान चलाता था।

घटना मंगलवार रात की है, जब असलम दुकान बंद कर घर लौटा और परिजनों को यह कहकर बाहर गया कि वह थोड़ी देर में लौट आएगा। देर रात तक घर नहीं लौटने पर परिजन चिंतित हो उठे। बुधवार सुबह थानागद्दी पुराने तिराहे के पास उसकी क्षत-विक्षत लाश मिली।

मौके पर पहुंचे केराकत कोतवाल अवनीश कुमार राय और क्षेत्राधिकारी अजीत कुमार ने जांच शुरू की। पहले शव की पहचान नहीं हो पाई, लेकिन सोशल मीडिया पर फोटो वायरल होने के बाद परिजनों ने शव की शिनाख्त की।

मृतक के पिता की तहरीर पर पुलिस ने दो संदिग्ध युवकों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है। क्षेत्राधिकारी अजीत कुमार ने बताया कि जांच जारी है और दोषी पाए जाने पर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है। पुलिस जल्द से जल्द आरोपियों को गिरफ्तार करने का प्रयास कर रही है।