1. Home
  2. क्राइम

UP-112 पर आया कॅाल, कहा- मैंने पत्नी की हत्या कर दी है, मौके पर पहुंची पुलिस तो पैरों तले खिसक गई जमीन

Hapur

Hapur News : उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले से एक चौंकाने वाली वारदात सामने आई है, जहां एक पति ने अपनी पत्नी की गला दबाकर हत्या कर दी। यह घटना कोतवाली क्षेत्र के रफीक नगर मोहल्ले की है, जहां रहने वाले 36 वर्षीय राशिद अली ने शुक्रवार तड़के अपनी 33 वर्षीय पत्नी नाजमीन की जान ले ली।

हत्या के बाद आरोपी ने खुद 112 नंबर डायल कर पुलिस को सूचना दी कि उसने अपनी पत्नी की हत्या कर दी है और उसे गिरफ्तार कर लिया जाए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी राशिद को मौके से हिरासत में ले लिया। वहीं मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

11 साल पहले हुई थी शादी

प्राप्त जानकारी के अनुसार, राशिद और नाजमीन की शादी करीब 11 साल पहले हुई थी। इस दंपत्ति के तीन बच्चे हैं, जिनमें सबसे बड़ा बेटा 9 साल का है। बताया जा रहा है कि पति-पत्नी के बीच लंबे समय से घरेलू विवाद चला आ रहा था। पत्नी अक्सर मायके जाने की जिद करती थी, लेकिन राशिद उसे रोकता था। गुरुवार रात भी दोनों में तीखी बहस हुई थी, जिसके बाद शुक्रवार सुबह चार बजे यह दर्दनाक घटना हुई।

नशे की लत बनी झगड़े की वजह

सीओ सिटी जितेंद्र शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस को सूचना मिलने के बाद टीम मौके पर पहुंची, जहां महिला का शव मिला और आरोपी पति भी घर में ही मौजूद था। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि आरोपी को नशे की लत थी, जिसकी वजह से पति-पत्नी के बीच अक्सर झगड़े होते थे।

फिलहाल आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।