फेसबुक रील से युवक हुआ साइबर फ्रॉड का शिकार : वैष्णो देवी के सिक्के के नाम पर 1.04 करोड़ रुपये का लगा चूना, ठगी का तरीका कर देगा हैरान

मेरठ: मेडिकल क्षेत्र के कालियागढ़ी निवासी दीपक राज एक फेसबुक रील देखकर साइबर अपराधियों के जाल में फंस गए। रील में वैष्णो देवी के पांच रुपये के सिक्के को 15 लाख रुपये में खरीदने का दावा किया गया था। इस लालच में आकर दीपक ने 1.04 करोड़ रुपये गंवा दिए।
जानें कैसे हुआ फ्रॉड
दीपक ने बताया कि फेसबुक रील देखकर उन्होंने दिए गए नंबर पर संपर्क किया। अविनाश यादव नाम के व्यक्ति ने खुद को आरबीआई के नियमों के तहत काम करने वाला बताया। आरोपियों ने दीपक को लालच देकर छोटे-छोटे भुगतान के बहाने भारी रकम ट्रांसफर करवा ली।
पहले सिक्के के पंजीकरण और अनुमति के नाम पर पैसे मांगे गए, फिर आयकर, जीएसटी, और अन्य शुल्कों के बहाने लगातार रकम ट्रांसफर कराई गई। दीपक ने 20% ब्याज पर उधार लेकर और पत्नी के आभूषण गिरवी रखकर यह राशि जुटाई।
ठगी का पता चलने के बाद दीपक ने साइबर क्राइम थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस अब उन बैंक खातों की जानकारी जुटा रही है, जिनमें रकम ट्रांसफर की गई। एसपी क्राइम अवनीश कुमार ने बताया कि खातों को फ्रीज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
इस घटना ने ऑनलाइन धोखाधड़ी के खतरों को उजागर किया है। पुलिस ने लोगों से सतर्क रहने और लालच में न आने की अपील की है।
.webp)
