1. Home
  2. क्राइम

दिल्ली में बेखौफ बदमाशों का आतंक: पार्क में युवक को मारी पांच गोली, हालत गंभीर

दिल्ली में बेखौफ बदमाशों का आतंक: पार्क में युवक को मारी पांच गोली, हालत गंभीर

नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में अपराधियों का दुस्साहस लगातार बढ़ता जा रहा है। कल्याणपुरी के त्रिलोकपुरी ब्लॉक 13 में बुधवार रात बदमाशों ने एक सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया। पार्क में आग सेंक रहे रवि नामक युवक को पांच गोलियां मारी गईं। गंभीर हालत में उसे मैक्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

आपसी रंजिश का शक


पुलिस के मुताबिक, घटना रात करीब 12.30 बजे की है। शुरुआती जांच में मामला आपसी रंजिश का लग रहा है। रवि को बॉडी बिल्डिंग का शौक है, और वह कई प्रतियोगिताओं में पुरस्कार जीत चुका है। पुलिस ने हत्या की कोशिश का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वारदात के बाद बदमाश मौके से फरार हो गए। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज की मदद से उनकी पहचान करने में जुटी है।

केजरीवाल का बयान: अपराधियों में कानून का डर नहीं


घटना पर दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने चिंता जताते हुए कहा, "दिल्ली के अपराधियों में अब कानून व्यवस्था का कोई डर नहीं बचा।" उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा कि आए दिन ऐसी घटनाएं दिल्लीवासियों को झकझोर रही हैं।

दिल्ली में बढ़ते अपराध: अन्य घटनाएं भी आईं सामने


त्रिलोकपुरी की घटना से पहले मंगलवार को जाफराबाद इलाके में लूटपाट के इरादे से एक युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने इस मामले में दो नाबालिगों को पकड़ा है। वहीं, शनिवार को फर्श बाजार इलाके में मोटरसाइकिल सवार बदमाशों ने कारोबारी सुनील जैन की गोली मारकर हत्या कर दी थी।