घर बैठे कमाई के झांसे में न फंसें! पुणे के कारोबारी से हुई लाखों की ठगी, जानें कैसे ठगों ने बनाया शिकार

Cyber Fraud : आजकल सोशल मीडिया और मैसेजिंग प्लेटफॉर्म जैसे WhatsApp और SMS पर “घर बैठे कमाएं हजारों रुपये” जैसे संदेश आम हो गए हैं। अधिकांश लोग इन्हें अनदेखा कर देते हैं, लेकिन कुछ लोग इन झांसे में आकर अपनी मेहनत की कमाई गंवा बैठते हैं। पुणे में सामने आए एक ताज़ा मामले में एक कारोबारी को ऑनलाइन टास्क के नाम पर 12 लाख रुपये की ठगी का शिकार बना लिया गया।
सब कुछ शुरू हुआ एक WhatsApp मैसेज से...
पीड़ित कारोबारी को एक मैसेज मिला जिसमें कुछ आसान ऑनलाइन टास्क करके पैसे कमाने का दावा किया गया था। शुरुआत में उसे साधारण काम दिए गए – जैसे Google Maps पर किसी होटल को रेटिंग देना या किसी लिंक पर क्लिक करना। टास्क पूरा करते ही उसके खाते में 100-150 रुपये ट्रांसफर भी किए गए।
इससे उसे विश्वास हो गया कि यह कोई असली ऑनलाइन जॉब है।
टेलीग्राम ग्रुप में फंसाया गया जाल
इसके बाद कारोबारी को एक Telegram ग्रुप में जोड़ा गया, जहां "मर्चेंट टास्क" नाम से बड़े टास्क दिए जाने लगे, लेकिन इन टास्क को पूरा करने के लिए पहले पैसे जमा करने को कहा गया। शुरू में मिले पैसों के लालच में आकर उसने कुछ रकम भेज दी। इसके बाद स्कैमर्स ने उसे झूठे वादों और बड़े रिटर्न्स का झांसा देकर दो दिन में करीब 11.5 लाख रुपये ऐंठ लिए।
जब कारोबारी ने रकम वापस मांगनी शुरू की तो ठगों ने उसे ब्लॉक कर दिया और सारे संपर्क तोड़ दिए।
ऐसे ऑनलाइन स्कैम से बचने के उपाय:
अनजान मैसेज या लिंक से दूरी बनाएं:
"घर बैठे कमाई" जैसे मैसेज पर कभी भरोसा न करें।
पैसे की मांग यानी खतरे की घंटी:
कोई भी टास्क, जॉब या इनकम स्कीम जो पहले पैसे मांगे – वह लगभग तय रूप से फर्जी है।
संवेदनशील जानकारी साझा न करें:
बैंक डिटेल, OTP, आधार या पैन नंबर किसी अंजान को कभी न दें।
WhatsApp या Telegram ग्रुप में अंधाधुंध न जुड़ें:
अंजान ग्रुप्स कई बार स्कैमर्स द्वारा बनाए जाते हैं।
संदेह हो तो तुरंत कार्रवाई करें:
किसी भरोसेमंद व्यक्ति से बात करें या पुलिस व साइबर सेल को रिपोर्ट करें।
याद रखें:
लालच सबसे बड़ा जाल है- ऑनलाइन काम के नाम पर हो रही यह ठगी की नई तरकीब लोगों की सालों की कमाई को मिनटों में साफ कर रही है। यदि आपको भी ऐसा कोई मैसेज मिले, तो अलर्ट हो जाइए – क्योंकि सतर्कता ही असली सुरक्षा है।
साइबर क्राइम की शिकायत दर्ज करने के लिए भारत सरकार की हेल्पलाइन है: www.cybercrime.gov.in
.webp)
