शिक्षक से ज़मीन दिलाने के नाम पर आठ लाख की ठगी, आरोपी फरार

जौनपुर। आजमगढ़ जिले के जनता इंटर कॉलेज में प्रवक्ता के रूप में तैनात विजय बहादुर के साथ सुइथाखुर्द गांव के निवासी मुंशीलाल द्वारा ज़मीन दिलाने के नाम पर आठ लाख रुपये की ठगी करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने धोखाधड़ी सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी मुंशीलाल फिलहाल फरार बताया जा रहा है।
धौराइल गांव निवासी विजय बहादुर के अनुसार, मुंशीलाल की रिश्तेदारी उनके पट्टीदार के घर में है, जिससे मुंशीलाल का उनके परिवार में आना-जाना लगा रहता था। धीरे-धीरे मुंशीलाल ने परिवार के सदस्यों से भी घनिष्ठ संबंध बना लिए।
करीब दो साल पहले मुंशीलाल ने विजय बहादुर को बताया कि उनके गांव की एक वृद्ध महिला के पास पांच बीघा कृषि योग्य भूमि है, जिसे वह बेचना चाहती है। उसने दावा किया कि यह जमीन केवल सात लाख रुपये में बेची जा रही है। सस्ते दाम पर जमीन खरीदने के लालच में विजय बहादुर ने तीन किस्तों में मुंशीलाल को सात लाख रुपये दे दिए।
करीब छह महीने बाद भी जमीन का बैनामा नहीं हुआ तो विजय बहादुर ने जब मुंशीलाल से बात की, तो उसने एक लाख रुपये और मांगे, यह कहते हुए कि बैनामा कराने में खर्चा होगा। विजय बहादुर ने वह रकम भी दे दी।
हालांकि, दो साल बीत जाने के बाद भी जमीन न मिलने पर जब विजय बहादुर ने पैसे वापस मांगे तो मुंशीलाल ने धमकी देनी शुरू कर दी। विजय बहादुर की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है और उसकी तलाश जारी है।
पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को पकड़कर मामले की जांच पूरी की जाएगी।
.webp)
