1. Home
  2. क्राइम

डेटिंग ऐप पर मिली ‘लव क्वीन’ निकली फ्रॅाड! Online Investment के नाम पर बेंगलुरु के शख्स को लगा दिया करोड़ों का चूना

Online Investment Scam

Online Investment Scam : देश में ऑनलाइन फ्रॉड के मामलों में लगातार इजाफा हो रहा है। साइबर ठग हर दिन किसी न किसी को अपने जाल में फंसाकर लाखों-करोड़ों रुपये लूट रहे हैं। ऐसा ही एक हैरान कर देने वाला मामला बेंगलुरु से सामने आया है, जहां एक 42 वर्षीय व्यक्ति को डेटिंग ऐप के जरिये एक महिला ने 1.29 करोड़ रुपये का चूना लगा दिया।

डेटिंग ऐप से शुरू हुआ भरोसे का खेल

पुलिस में दर्ज शिकायत के मुताबिक, बेंगलुरु निवासी जगदीश सी. ने 7 नवंबर को नॉर्थ CEN (Cybercrime, Economic Offences, Narcotics) पुलिस स्टेशन में रिपोर्ट दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि उनकी मुलाकात एक डेटिंग ऐप पर मेघना रेड्डी नाम की महिला से हुई थी। बातचीत के दौरान दोनों के बीच दोस्ती बढ़ी और महिला ने भावनात्मक रिश्ता बनाकर उनका भरोसा जीत लिया।

कुछ ही दिनों में मेघना ने बताया कि वह अपने पिता के नाम पर ओल्ड-एज होम (वृद्धाश्रम) बनवाना चाहती है, ताकि समाज सेवा में योगदान दे सके। उसकी इस बात से प्रभावित होकर जगदीश को लगा कि वे किसी नेकदिल और संवेदनशील महिला से जुड़े हैं।

निवेश के नाम पर ठगी की साजिश

कुछ हफ्तों बाद महिला ने जगदीश को एक विदेशी इन्वेस्टमेंट प्लेटफॉर्म पर पैसे लगाने की सलाह दी। वेबसाइट देखने में बिल्कुल असली लग रही थी, उस पर ग्राफ, मुनाफे के आंकड़े और स्क्रीनशॉट्स सब कुछ बेहद प्रोफेशनल तरीके से बनाए गए थे।

मेघना ने झूठे प्रॉफिट स्क्रीनशॉट्स दिखाकर कहा कि निवेश करने पर बड़ा फायदा मिलेगा। उसके झांसे में आकर जगदीश ने 5 और 6 नवंबर को दो दिनों में 1 करोड़ 29 लाख 33 हजार 253 रुपये RTGS और NEFT के जरिए ट्रांसफर कर दिए।

लेकिन पैसे भेजने के कुछ ही घंटों बाद महिला का फोन बंद हो गया, मैसेज का जवाब आना बंद हो गया और सोशल मीडिया अकाउंट्स भी गायब हो गए। तब जाकर जगदीश को समझ आया कि वे साइबर फ्रॉड का शिकार बन चुके हैं।

बढ़ रहे हैं ‘रोमांस स्कैम’ के मामले

साइबर एक्सपर्ट्स का कहना है कि भारत में इस तरह के रोमांस स्कैम या ‘पिग-बचरिंग फ्रॉड’ तेजी से फैल रहे हैं। ठग पहले प्यार और भरोसे का नाटक करते हैं, फिर निवेश या क्रिप्टो ट्रेडिंग के नाम पर पैसे ऐंठ लेते हैं।
ये गैंग्स बेहद चालाक होते हैं, फर्जी वेबसाइट, डैशबोर्ड, सोशल मीडिया अकाउंट और नकली बैंक ट्रांजैक्शन के स्क्रीनशॉट तक तैयार रखते हैं ताकि पीड़ित को सब कुछ असली लगे।

साइबर पुलिस की चेतावनी

साइबर पुलिस ने लोगों से अपील की है कि ऑनलाइन किसी अनजान व्यक्ति पर भरोसा न करें, खासकर जब बात पैसों या निवेश की हो। किसी भी स्कीम में पैसा लगाने से पहले उसकी पूरी वेरिफिकेशन करें और अगर कोई संदिग्ध लिंक, कॉल या प्रोफाइल दिखे तो तुरंत रिपोर्ट करें।