1. Home
  2. क्राइम

‘मोटू’ कहने पर भड़का शक्स, दो युवकों पर चला दी गोली

Gun

गोरखपुर। उत्तर प्रदेश के गोरखपुर से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां महज ‘मोटा’ कहने पर मजाक में हुई तकरार खौफनाक हिंसा में बदल गई। घटना बेलघाट थाना क्षेत्र की है, जहां एक युवक ने मोटापा को लेकर मजाक उड़ाए जाने पर दो लोगों पर गोली चला दी। गंभीर रूप से घायल दोनों युवकों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से हालत बिगड़ने पर उन्हें गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। फिलहाल दोनों की हालत स्थिर बताई जा रही है।

क्या है पूरा मामला?

पुलिस के अनुसार, अर्जुन चौहान नाम का युवक कुछ दिन पहले अपने चाचा के साथ तरकुलहा देवी मंदिर के पास एक सामूहिक भोज में शामिल हुआ था। वहीं, भोज के दौरान अन्य मेहमान अनिल चौहान और शुभम चौहान ने उसका मोटापा देखकर मजाक किया और उसे 'मोटू' कह दिया। यह बात अर्जुन को इतनी बुरी लगी कि उसने बदला लेने की ठान ली।

गोलियां चलाकर लिया बदला

अपर पुलिस अधीक्षक (दक्षिणी) जितेंद्र कुमार ने बताया कि अर्जुन ने अपने दोस्त आसिफ खान के साथ मिलकर गुरुवार को हाईवे पर अनिल और शुभम का पीछा किया। मौका मिलते ही तेनुआ टोल प्लाजा के पास उनकी कार को जबरन रुकवाया और गाड़ी से बाहर खींचकर उन पर गोली चला दी।

घटना के बाद राहगीरों ने घायलों को तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां से उन्हें बेहतर इलाज के लिए गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया।

पुलिस ने क्या कार्रवाई की?

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की। घायल शुभम के पिता की तहरीर पर मामला दर्ज किया गया और शुक्रवार शाम आरोपी अर्जुन को गिरफ्तार कर लिया गया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और कानूनी प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है।