1. Home
  2. क्राइम

खनन माफियाओं की दबंगई: अवैध खनन रोकने गए SDM पर जानलेवा हमला, पत्थर मारकर तोड़ा दांत

खनन माफियाओं की दबंगई: अवैध खनन रोकने गए SDM पर जानलेवा हमला, पत्थर मारकर तोड़ा दांत

मंडी: हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में अवैध खनन के खिलाफ कार्रवाई करने पहुंचे एसडीएम सदर एवं आईएएस अधिकारी ओमकांत ठाकुर पर खनन माफियाओं ने हमला कर दिया। आरोपियों ने पत्थर से वार कर एसडीएम का एक दांत तोड़ दिया। घटना सोमवार देर शाम मंडी जिला मुख्यालय के पास बिंद्रावणी क्षेत्र में हुई।

कैसे हुआ हमला?

एसडीएम ओमकांत ठाकुर बिना पुलिस सुरक्षा के अवैध खनन की स्थिति का निरीक्षण करने बिंद्रावणी पहुंचे थे। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कुछ लोगों को ब्यास नदी के किनारे अवैध खनन करते हुए पाया। जब उन्होंने कार्रवाई करनी चाही, तो वहां मौजूद एक आरोपी उनसे उलझ पड़ा। पहले उसने गाली-गलौज की, फिर मारपीट पर उतर आया। इसी दौरान आरोपी ने पत्थर उठाकर एसडीएम के मुंह पर हमला कर दिया, जिससे उनका एक दांत टूट गया और उन्हें गंभीर चोट आई।

ड्राइवर ने बचाई जान, पुलिस पहुंचने से पहले फरार हुए आरोपी

एसडीएम पर हो रहे हमले की खबर मिलते ही उनका चालक मौके पर पहुंचा और बीच-बचाव किया। इसके बाद आरोपी वहां से फरार होने लगे। घटना की सूचना मिलते ही सदर पुलिस थाना की टीम घटनास्थल पर पहुंची, लेकिन तब तक दो आरोपी भाग चुके थे। हालांकि, पुलिस ने एक आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर लिया।

एसडीएम को अस्पताल में कराया गया भर्ती

हमले में घायल एसडीएम को तुरंत जोनल अस्पताल मंडी ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उनका इलाज किया। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें घर भेज दिया गया।

प्रशासन और पुलिस का सख्त रुख

मामले की गंभीरता को देखते हुए उपायुक्त मंडी अपूर्व देवगन ने कड़ी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि प्रशासन अवैध खनन के खिलाफ अपनी कार्रवाई जारी रखेगा और दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।

एएसपी सागर चंद्र ने बताया कि एसडीएम के बयान दर्ज किए जा रहे हैं, जिसके बाद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया जाएगा। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दो अन्य की तलाश जारी है।

अवैध खनन पर सख्त कार्रवाई की मांग

यह घटना सरकार और प्रशासन के लिए एक गंभीर चेतावनी है कि खनन माफिया कितने बेखौफ है।