Janunpur: शराब के नशे में पति ने पत्नी को जलाने की कोशिश, पड़ोसियों ने बचाया, गिरफ्तार

Jaunpur: बरसठी थाना क्षेत्र के निगोह बाजार में एक व्यक्ति ने शराब के नशे में अपनी पत्नी की पिटाई करने के बाद उसे जिंदा जलाने का प्रयास किया। घटना के बाद पीड़िता ने पति के खिलाफ हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज कराया, जिसके बाद पुलिस ने आरोपी को चतुर्भुजपुर गांव के पास से गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
पत्नी को कमरे में बंद कर पीटा
निगोह बाजार निवासी मिथिलेश कुमार प्रजापति मंगलवार शाम शराब के नशे में घर पहुंचा और किसी बात पर गुस्सा होकर अपनी पत्नी रेनू को कमरे में बंद कर पिटाई करने लगा। मारपीट से आहत रेनू की चीख-पुकार सुनकर पड़ोसी इकट्ठा हो गए।
आग लगाने की कोशिश, पड़ोसियों ने बचाया
भीड़ जुटती देख मिथिलेश ने रेनू की साड़ी में आग लगा दी, जिससे वह जलने लगी। यह देख मौके पर मौजूद लोगों ने दरवाजा तोड़कर उसे बाहर निकाला और आग बुझाई। इस घटना में रेनू मामूली रूप से झुलस गईं।
पति के खिलाफ मामला दर्ज, भेजा गया जेल
उपनिरीक्षक छितेश्वर तिवारी ने बताया कि पीड़िता की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है। थानाध्यक्ष राजेश यादव ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
.webp)
