Jaunpur : वर्चस्व की रंजिश में 11वीं के छात्र पर चली थी गोली, मुख्य आरोपी समेत 5 गिरफ्तार

जौनपुर। डोभी क्षेत्र के श्रीगणेशायराय इंटर कॉलेज के बाहर 11वीं के छात्र आदर्श कुमार सिंह पर चली गोली के मामले में चंदवक पुलिस ने घटना के तीन दिन बाद मुख्य आरोपी समेत पांच अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त असलहा और बाइक भी बरामद कर ली है।
घटना बीते शुक्रवार की है जब बोड़सर खुर्द निवासी आदर्श कुमार सिंह (17) पुत्र देवेंद्र सिंह को परीक्षा देकर कॉलेज से बाहर निकलते समय एक किशोर ने भरी भीड़ में गोली मार दी थी। गंभीर रूप से घायल आदर्श को तत्काल वाराणसी ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया। पीड़ित की मां अनीता सिंह की तहरीर पर आयुष सिंह निवासी विशुनपुर, अभिषेक सिंह उर्फ बड़े सिंह (24) पुत्र धर्मवीर सिंह, आर्यन सिंह (15) पुत्र राजेश सिंह समेत अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था।
गिरफ्तारी और साजिश का खुलासा
क्षेत्राधिकारी अजीत सिंह चौहान के नेतृत्व में चंदवक पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच शुरू की। जांच के दौरान विशाल कुमार (18) पुत्र प्रशांत कुमार, अंशुमान सिंह (16) पुत्र कल्लू सिंह, और सुधांशु कुमार (17) पुत्र महेंद्र कुमार के नाम सामने आए। पुलिस ने इन्हें हरिहरपुर बलुआ विजयीपुर मार्ग से रविवार सुबह 11 बजे गिरफ्तार कर लिया।
मुख्य आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त 315 बोर का देशी तमंचा, एक खोखा और भागने में इस्तेमाल की गई बाइक बरामद की है।
चंदवक थानाध्यक्ष बृजेश कुमार गुप्ता के अनुसार, आदर्श सिंह और आरोपी आर्यन सिंह एवं अभिषेक सिंह के बीच वर्चस्व को लेकर पुरानी रंजिश चल रही थी। घटना से तीन दिन पहले भी दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई थी। इसी रंजिश के चलते आर्यन और अभिषेक ने साजिश रचकर विशाल कुमार, अंशुमान सिंह और सुधांशु कुमार के साथ मिलकर आदर्श सिंह पर हमला करने की योजना बनाई।
पुलिस के मुताबिक, शुक्रवार को विशाल, अंशुमान, और सुधांशु कॉलेज के बाहर पहुंचे और अंशुमान सिंह ने आदर्श पर गोली चला दी। इसके बाद सभी आरोपी बाइक पर सवार होकर फरार हो गए थे।
फिलहाल, सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है और पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है।
.webp)
