Jaunpur: दहेज की मांग पूरी न होने पर नवविवाहिता को घर से निकाला, पति समेत तीन पर मुकदमा दर्ज

जौनपुर। चन्दवक थाना क्षेत्र के सारेपुर (बीरीबारी) गांव में दहेज उत्पीड़न का मामला सामने आया है। नवविवाहिता के भाई की शिकायत पर पति समेत तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
रविवार को मड़ियाहूँ थाना क्षेत्र के ताजुद्दीनपुर निवासी नंदलाल नागर ने चन्दवक थाने में तहरीर देते हुए आरोप लगाया कि उनकी बहन नविता को उसके पति विजय निषाद, ससुर विश्वनाथ निषाद, जेठ पिंटू निषाद और सास लीलावती द्वारा दहेज की मांग को लेकर लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था।
शिकायत के अनुसार, 25 अप्रैल 2024 को शादी के समय मायके पक्ष ने दो लाख रुपये नगद, गहने और गृहस्थी का पूरा सामान दिया था। लेकिन आरोपियों की ओर से बुलेट बाइक और एक लाख रुपये की अतिरिक्त मांग की जा रही थी। जब यह मांग पूरी नहीं हुई तो शुक्रवार को नविता के साथ मारपीट कर उसे घर से निकाल दिया गया। किसी तरह मायके पहुंची नविता ने अपने शरीर पर लगी चोटें दिखाते हुए आपबीती सुनाई।
थानाध्यक्ष बृजेश गुप्ता ने बताया कि शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और आरोपी पति विजय निषाद को गिरफ्तार कर अग्रिम कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।
.webp)
