Jaunpur : डी फार्मा छात्र की चाकू घोंपकर हत्या, परीक्षा देने जा रहा था अनुज

जौनपुर। जिले के मछलीशहर क्षेत्र से बेहद सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां परीक्षा देने जा रहे डी फार्मा छात्र की सुबह-सुबह चाकू घोंपकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान 21 वर्षीय अनुज यादव पुत्र भोला यादव निवासी जमालपुर (छितरा), मछलीशहर के रूप में हुई है। अनुज यादव बुधवार सुबह प्रसाद इंस्टीट्यूट, जौनपुर में आयोजित डी फार्मा की परीक्षा देने के लिए घर से निकला था।

परिजनों के मुताबिक, वह सुबह करीब 7 बजे घर से निकला था। लेकिन कुछ ही समय बाद उसकी हत्या की खबर गांव में आग की तरह फैल गई, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सिकरारा थाना क्षेत्र के समाधगंज बाजार के पहले कुरनी पंचायत भवन के सामने सुबह करीब सवा सात बजे एक बाइक सवार युवक ने अनुज को चाकू मार दिया और मौके से फरार हो गया। हमला इतना अचानक और घातक था कि अनुज मौके पर ही ढेर हो गया। राहगीरों और स्थानीय लोगों ने जब घायल छात्र को देखा तो तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। घटना की जानकारी मिलते ही सिकरारा पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर थाने ले आई।
वहीं, सूचना मिलने पर मृतक के परिजन और गांव के ग्राम प्रधान भी थाने पहुंच गए। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और वे हत्यारों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं। पुलिस को शुरुआती जांच में पुरानी रंजिश की आशंका लग रही है। चश्मदीदों द्वारा बताए गए बाइक नंबर और हमलावर की पहचान के आधार पर सिकरारा थाने के प्रभारी निरीक्षक विनीत राय खुद मृतक के गांव पहुंचे और परिजनों से घटना की विस्तृत जानकारी ली। पुलिस संदिग्धों की तलाश में जुट गई है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।
गांव में हत्या के बाद तनाव का माहौल है। ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त है और लोग घटना को लेकर प्रशासन की कार्रवाई का इंतजार कर रहे हैं। उधर, पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और विधिक कार्यवाही शुरू कर दी है। फिलहाल, पुलिस का दावा है कि जल्द ही हत्यारे को पकड़ लिया जाएगा।
.webp)
