Jaunpur : चार साल से चल रहे फर्जी बैंक का पर्दाफाश, मुख्य आरोपी गिरफ्तार

जौनपुर। शीतला चौकियां धाम में चार साल से चल रहे फर्जी बैंकिंग घोटाले का भंडाफोड़ हुआ है। श्री गजानन ग्रुप ऑफ इंडस्ट्रीज नामक फर्जी बैंक के संचालक अशोक श्रीवास्तव को पुलिस ने आजमगढ़ के मुबारकपुर से गिरफ्तार कर लिया है। इस बैंक ने लोगों को ऊंचे ब्याज और मासिक रिफंड का झांसा देकर करोड़ों रुपये की ठगी की है।
चार साल पहले शुरू हुए इस घोटाले में स्थानीय युवाओं को एजेंट बनाकर जनता को निवेश के लिए प्रोत्साहित किया गया। लोग अपनी गाढ़ी कमाई जमा करते रहे, लेकिन 18 नवंबर 2024 को बैंक अचानक बंद हो गया और संचालक फरार हो गया।
सोमवार को आरोपी की गिरफ्तारी की खबर फैलते ही जौनपुर के सैकड़ों पीड़ित थाने पहुंच गए। लोगों ने अपनी रकम वापस दिलाने की मांग की। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
जांच और कार्रवाई जारी
सीओ सिटी आयुष श्रीवास्तव ने बताया कि श्री गजानन ग्रुप ने लोगों से धन इकट्ठा कर उन्हें दोगुना मुनाफा देने का वादा किया था। अब तक सैकड़ों पीड़ितों की शिकायतें दर्ज की गई हैं। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और आरोपी से पूछताछ के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
अशोक श्रीवास्तव की गिरफ्तारी के बाद इलाके में आक्रोश का माहौल है। थाने पहुंचे खाताधारकों को उम्मीद है कि उन्हें उनकी मेहनत की कमाई वापस मिलेगी। पुलिस ने सभी पीड़ितों को सहयोग का आश्वासन दिया है।
.webp)
