Jaunpur : करंजाकला बाजार में ताबड़तोड़ फायरिंग, भट्ठा कारोबारी के सीने में लगी गोली, किशोर भी घायल

जौनपुर। सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के करंजाकला बाजार में बुधवार रात उस समय हड़कंप मच गया, जब थार और स्कार्पियो सवार हथियारबंद बदमाशों ने एक ईंट-भट्ठा कारोबारी की कार को घेरकर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। दुर्गा माता मंदिर के सामने हुई इस वारदात में करीब चार राउंड गोलियां चलीं। फायरिंग में बबरखा गांव निवासी ईंट-भट्ठा कारोबारी विपिन यादव (32) के सीने में गोली लगी, जबकि उसके साथ मौजूद 16 वर्षीय अंश के घुटने में गोली लग गई। अचानक गोलियां चलने से बाजार में भगदड़ मच गई और दुकानदारों ने अपनी दुकानें बंद कर दीं।
बताया जा रहा है कि विपिन यादव पुत्र मेहीलाल यादव बुधवार रात अपने कुछ साथियों के साथ स्विफ्ट डिजायर कार से करंजाकला बाजार आया था। जैसे ही उसकी कार दुर्गा माता मंदिर के सामने पहुंची, थार और स्कार्पियो से आए बदमाशों ने रास्ता रोक लिया। विपिन और उसके साथी कुछ समझ पाते, इससे पहले ही हमलावरों ने फायरिंग शुरू कर दी। गोलियों की चपेट में आने से विपिन और अंश घायल होकर गिर पड़े। हमलावरों के वहां से निकलने के बाद साथियों ने दोनों को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर अलग-अलग रास्तों से फरार हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, थार सवार बदमाश जौनपुर की ओर निकल गए, जबकि स्कार्पियो सवार हमलावर मल्हनी बाजार की तरफ भागे। कुछ ही देर में पूरे बाजार में घटना की खबर फैल गई। गोलियों की आवाज से सहमे दुकानदारों ने दुकानें बंद कर दीं और लोग भी मौके से हटकर अपने घरों की ओर चले गए।
सूचना मिलते ही सरायख्वाजा पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ ही बाजार में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। हमलावरों की पहचान और उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।
घायल कारोबारी का रहा है आपराधिक इतिहास
पुलिस के अनुसार, घायल विपिन यादव का आपराधिक इतिहास भी रहा है। उसके खिलाफ पूर्व में हत्या का मुकदमा दर्ज था और करीब पांच वर्ष पहले वह इस मामले में जेल गया था। बताया गया है कि कुछ माह पहले ही वह जेल से बाहर आया था। इसी वजह से पुलिस फायरिंग की घटना को पुरानी रंजिश, आपसी विवाद और अन्य संभावित कारणों से जोड़कर जांच कर रही है। पुलिस विपिन के पुराने विवादों और उसके संपर्क में रहने वाले लोगों की भी जानकारी जुटा रही है।
हमलावरों की तलाश में जुटी पुलिस
फिलहाल फायरिंग करने वाले बदमाशों की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और घटनास्थल से मिले अन्य साक्ष्यों के आधार पर हमलावरों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है। खुले बाजार में हुई इस फायरिंग के बाद स्थानीय लोगों में डर का माहौल है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आरोपियों की पहचान कर जल्द ही उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
.webp)
