1. Home
  2. क्राइम

Jaunpur : कलयुगी मां की हैवानियत, प्रेम में अंधी मां ने प्रेमी के साथ मिलकर मासूम बेटे को उतारा मौत के घाट

...

जौनपुर। रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक सनसनीखेज घटना सामने आई है, जहां एक मां ने अपने प्रेम में अंधी होकर अपने ही पांच वर्षीय मासूम बेटे की हत्या कर दी। यह दर्दनाक वारदात मीरगंज थाना क्षेत्र के गोधना गांव में सामने आई है, जिसने इलाके में सनसनी फैला दी है।

जानकारी के अनुसार, बरावां गांव निवासी अहमद अली की बेटी रेशमा की शादी करीब पांच साल पहले प्रतापगढ़ जिले के चितईपुर गांव निवासी वाहिद अली पुत्र अजीज से हुई थी। इस शादी से उसे एक बेटा इलियास हुआ था। लेकिन पति-पत्नी के बीच आए दिन झगड़ों और घरेलू कलह के चलते दोनों के संबंधों में खटास आ गई और वे अलग-अलग रहने लगे।

इसी बीच रेशमा ने प्रतापगढ़ के ही जगदीशपुर गांव निवासी अतीक पुत्र शब्बीर से संबंध बना लिए और उसके साथ रहने लगी। दोनों इन दिनों मीरगंज के गोधना गांव में किराए के मकान में रह रहे थे।

सोमवार की सुबह अचानक रेशमा अपने बेटे इलियास का शव लेकर मायके बरावां गांव पहुंची। मासूम बेटे की मौत की खबर मिलते ही उसके पहले पति वाहिद अली ने पुलिस को सूचना दी। उसने अपनी तहरीर में आरोप लगाया कि उसकी पूर्व पत्नी रेशमा और उसका वर्तमान साथी अतीक ने ही मिलकर उसके बेटे की हत्या कर दी है। सूचना मिलते ही मीरगंज थानाध्यक्ष विनोद अंचल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

ग्रामीणों की मानें तो मासूम इलियास के गले पर गहरा निशान देखा गया है, जिससे आशंका जताई जा रही है कि गला दबाकर उसकी हत्या की गई है। हालांकि पुलिस का कहना है कि मौत का सही कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

ग्राम प्रधान पति छेदी अंसारी ने बताया कि रेशमा करीब दो वर्षों से अपने पहले पति से अलग होकर दूसरे व्यक्ति अतीक के साथ रह रही थी। वह गोधना गांव में किराए पर मकान लेकर रहती थी। ग्रामीणों के अनुसार, वह अपने बेटे को लेकर पहले पति से अक्सर मिलने नहीं देती थी और बेटे को लेकर झगड़ा भी होता रहता था।

थानाध्यक्ष विनोद अंचल ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह स्पष्ट हो रहा है कि मां और उसके दूसरे पति ने मिलकर मासूम की हत्या की है। बच्चे के शरीर पर मिले चोट के निशान इस ओर संकेत कर रहे हैं। फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और रिपोर्ट आने के बाद दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।