1. Home
  2. क्राइम

Jaunpur : नौकरी दिलाने के नाम पर छह लाख की ठगी, जान से मारने की धमकी, मुकदमा दर्ज

Cyber

Jaunpur News :  केराकत कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत थानागद्दी चौकी के भड़ेहरी गांव निवासी बृजेश कुमार सरोज ने नौकरी दिलाने के नाम पर छह लाख रुपये की ठगी और जातिसूचक गाली-गलौज व जान से मारने की धमकी देने के मामले में मैनपुरी जनपद के बीकापुर गांव निवासी डॉ. सालिगराम राजपूत के खिलाफ केस दर्ज कराया है। पीड़ित बृजेश कुमार का आरोप है कि आरोपी ने खुद को प्रभावशाली राजनीतिक संपर्कों वाला बताकर रेलवे और पर्यावरण विभाग में नौकरी दिलाने का झांसा दिया। इस बहाने दिसंबर 2023 से मार्च 2024 के बीच उसने बृजेश और उनके भाई विजय कुमार से कई बार नगद और ऑनलाइन माध्यम से कुल छह लाख रुपये ले लिए।

लंबे समय तक नौकरी नहीं मिलने और आरोपी द्वारा टालमटोल करने पर, बृजेश 15 जनवरी 2025 को अपने भाई के साथ आरोपी के मैनपुरी स्थित घर पहुंचा। जहां, कथित रूप से डॉ. सालिगराम ने न सिर्फ जातिसूचक गालियां दीं, बल्कि उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी। इसके बाद बृजेश कुमार ने मामले की लिखित शिकायत पुलिस अधीक्षक जौनपुर से की। शिकायत पर तत्काल संज्ञान लेते हुए पुलिस अधीक्षक ने कोतवाली केराकत को मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई का निर्देश दिया।

पुलिस ने आरोपी डॉ. सालिगराम राजपूत के खिलाफ धोखाधड़ी, धमकी देने व अनुसूचित जाति एवं जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम की धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर जांच शुरू कर दी है। पीड़ित ने अपने दावे के समर्थन में ऑनलाइन ट्रांजेक्शन की रसीदें, व्हाट्सएप चैट, जाली दस्तावेज, चेक की तस्वीरें व अन्य प्रमाण भी पुलिस को सौंपे हैं। पुलिस अब पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है।