1. Home
  2. क्राइम

Jaunpur News : बेटा ही निकला पिता का हत्यारा, पुलिस के सामने किया ये चौंकाने वाला खुलासा

Murder

Jaunpur News : सरपतहां थाना क्षेत्र के डीहअसरफाबाद गांव में शनिवार को हुए बुजुर्ग की हत्या का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर ही राजफाश कर दिया है। चौंकाने वाला खुलासा करते हुए पुलिस ने बताया कि मृतक प्रभाकर सिंह की हत्या किसी और ने नहीं, बल्कि उनके अपने बेटे अखिलेश सिंह उर्फ ओटू ने की थी। वजह बनी पारिवारिक संपत्ति और पैसों को लेकर विवाद।

जमीन और पैसे के विवाद में हत्या

पुलिस के मुताबिक, मृतक प्रभाकर सिंह कुछ लोगों को अपनी जमीन का बैनामा कर चुके थे। उसी को लेकर पैसों के लेन-देन पर पिता-पुत्र में कहासुनी हो गई। बहस इतनी बढ़ी कि गुस्से में आकर बेटे अखिलेश ने डंडे से पिता के सिर पर वार कर दिया, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई।

हत्या के बाद रची गई साजिश

हत्या को छिपाने के लिए आरोपी बेटे ने पहले अपने खून से सने कपड़ों को धोकर छिपाया, फिर नए कपड़े पहनकर घर से निकल गया और पास के डीएम ढाबा पर जाकर कुछ समय बिताया ताकि खुद को घटना से अलग दिखा सके। इसके बाद देर रात करीब 1 बजे घर लौटकर सो गया। अगले दिन सुबह सामान्य व्यवहार करते हुए वह काम पर चला गया और दोपहर में लौटकर खुद ही 112 नंबर पर कॉल कर पुलिस को पिता की हत्या की सूचना दी।

पुलिस की पूछताछ में टूटा सच

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। मृतक की पत्नी सावित्री सिंह ने पहले अज्ञात के खिलाफ तहरीर दी थी, लेकिन पुलिस को बेटे अखिलेश पर शक हुआ। हिरासत में लेकर पूछताछ की गई तो उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया।

पुलिस ने किया खुलासा

शनिवार की रात अपर पुलिस अधीक्षक आयुष श्रीवास्तव ने पूरे मामले का खुलासा करते हुए बताया कि आरोपी पुत्र अखिलेश सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया है और उसके खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

यह घटना एक बार फिर यह सोचने पर मजबूर कर देती है कि किस तरह आधुनिक दौर में धन और संपत्ति के लालच में रिश्तों की मर्यादाएं टूट रही हैं, और कलियुगी बेटे अपने ही पिता के खून के प्यासे बन रहे हैं।