1. Home
  2. क्राइम

Jaunpur News : किराया मांगने पर किरायेदारों ने मकान मालिक और बहू को पीटा, दो के खिलाफ FIR

marpeet

Jaunpur News : सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के चकवां गांव में शनिवार देर रात मकान किराया मांगने पर मकान मालिक और किरायेदार के बीच जमकर विवाद हो गया, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गया। घटना में वृद्ध मकान मालिक और उसकी बहू घायल हो गए। पुलिस ने पीड़िता की तहरीर पर दो लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

चकवां गांव निवासी रामसिंह (62) ने अपने मकान का एक हिस्सा पड़ोसी कप्तान बिंद को किराए पर जनरल स्टोर चलाने के लिए दिया था। शनिवार रात करीब 1 बजे रामसिंह ने किराए के संबंध में बात की तो कप्तान बिंद और उनके पक्ष के लोगों ने न केवल किराया देने से इंकार किया, बल्कि गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी।

आरोप है कि कप्तान बिंद और उनके साथी जगदीश बिंद (20) ने मिलकर रामसिंह और उनकी बहू लीलावती (35) को लाठी-डंडों से पीट दिया, जिससे दोनों घायल हो गए। रात में शोर सुनकर स्थानीय लोग जुटे और बीच-बचाव कर किसी तरह मामला शांत कराया।

गंभीर रूप से घायल रामसिंह को परिजनों ने तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया। वहीं, सरायख्वाजा थाना प्रभारी विनय प्रकाश सिंह ने बताया कि पीड़िता लीलावती की तहरीर पर जगदीश बिंद और कप्तान बिंद के खिलाफ मारपीट, गाली-गलौज सहित अन्य धाराओं में केस दर्ज कर लिया गया है और विधिक कार्रवाई की जा रही है।