जौनपुर: पुलिसकर्मियों पर SOG के नाम पर युवक से साठ हजार रुपये की वसूली का आरोप

जौनपुर। पुलिसकर्मियों द्वारा एसओजी टीम के नाम पर अवैध वसूली करने का मामला सामने आया है। खुटहन थाने के दो पुलिसकर्मियों ने सिविल ड्रेस में सरपतहां थाना क्षेत्र से एक युवक को हिरासत में लिया और फिर उसे छोड़ने के नाम पर पैसे की मांग की। जब युवक के पिता ने पैसे देने में असमर्थता जताई, तो पुलिसकर्मियों ने उसे एनकाउंटर की धमकी दी। बाद में, कर्ज लेकर पिता ने साठ हजार रुपये दिए, तब जाकर युवक को छोड़ा गया।
घटना 26 दिसंबर की है, जब हमाजपुर गांव निवासी जावेद सऊदी अरब से वापस लौटकर अपने घर जा रहा था। पेट्रोल पंप के पास बाइक सवार दो युवकों ने उसे जबरदस्ती खींच लिया और खुद को एसओजी टीम का सदस्य बताया। बाद में जावेद को सरायमोहिउद्दीनपुर पुलिस चौकी और फिर खुटहन थाने ले जाया गया। बेटे को छुड़ाने के लिए पिता ने कई थानों का चक्कर लगाया, लेकिन अंत में पुलिसकर्मियों ने उसे मोटी रकम देने की शर्त रखी।
ग्राम प्रधान के मुताबिक, जावेद के पिता ने एसओजी टीम के सदस्य धर्मेंद्र सिंह को पचास हजार रुपये से अधिक दिए, तब जाकर युवक को छोड़ दिया गया। इस मामले पर शाहगंज के क्षेत्राधिकारी अजीत सिंह चौहान ने कहा कि यदि ऐसा मामला सामने आया है तो जांच करके दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
.webp)
