जौनपुर : शौचालय से बाहर निकली किशोरी को खेत में खींच ले गए, सामूहिक दुराचार कर आंखों पर बांध दी पट्टी

जौनपुर। सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के एक गांव में मंगलवार देर रात 17 वर्षीय किशोरी के साथ कथित सामूहिक दुराचार का मामला सामने आया है। आरोप है कि शौचालय से बाहर निकलते ही पहले से घात लगाए तीन लोगों ने किशोरी को पकड़ लिया और पास के मकई के खेत में ले गए। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले के खुलासे के लिए SOG, सर्विलांस और थाना पुलिस की टीमें लगाई गई हैं।
परिजनों के मुताबिक, मंगलवार रात करीब 10:30 बजे किशोरी ने पेट में दर्द होने की बात कही और घर से लगभग 50 मीटर दूर स्थित शौचालय चली गई। आरोप है कि शौचालय से बाहर निकलते ही तीन लोगों ने उसे पकड़ लिया और पास के खेत में खींच ले गए। वहां आरोपियों ने उसकी आंखों पर पट्टी बांधकर कथित तौर पर सामूहिक दुराचार किया।
बताया गया कि किशोरी के रोने और चिल्लाने की आवाज सुनकर उसकी मां की नींद खुल गई। वह मौके की ओर पहुंचीं तो आरोपी किशोरी को खेत में छोड़कर फरार हो गए। इसके बाद परिजनों ने तत्काल डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और परिजनों को थाने भेजा।
रात करीब तीन बजे परिजन सरायख्वाजा थाने पहुंचे। पुलिस ने किशोरी और उसके परिजनों से जानकारी लेने के साथ घटनास्थल की जांच की और संभावित साक्ष्य जुटाए। इसके बाद अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। किशोरी को मेडिकल परीक्षण के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है।
सीओ सदर के अनुसार, घटना के आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए SOG तथा सर्विलांस टीम को लगाया गया है। थाना पुलिस की दो टीमें भी मामले की जांच और आरोपियों की तलाश में जुटी हैं। पुलिस का कहना है कि घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
.webp)
