1. Home
  2. क्राइम

Jaunpur : मामूली कहासुनी में किशोर पर धारदार हथियार से हमला, दो आरोपी हिरासत में

Arrest

Jaunpur News: केराकत क्षेत्र के ग्राम बेलाव में शनिवार सुबह एक मामूली कहासुनी ने हिंसक रूप ले लिया। दबंगों ने रास्ते में जा रहे एक किशोर पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। इस हमले में 17 वर्षीय शिवम गौतम, पुत्र श्रवण गौतम गंभीर रूप से घायल हो गया और लहूलुहान हालत में सड़क पर गिर पड़ा।

बताया जा रहा है कि शिवम बाजार जा रहा था, तभी रास्ते में दबंगों से किसी बात को लेकर उसका विवाद हो गया। देखते ही देखते बात बढ़ गई और हमलावरों ने उस पर धारदार हथियार से वार कर दिया।

स्थानीय लोगों ने पहुँचाया अस्पताल

घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने आनन-फानन में घायल शिवम को अस्पताल पहुँचाया, जहां उसका इलाज जारी है। पीड़ित परिवार ने इस घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी और न्याय की मांग की।

पुलिस ने दो को लिया हिरासत में

कोतवाली प्रभारी अवनीश राय ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो लोगों को हिरासत में ले लिया है। फिलहाल मामले की गंभीरता से जांच-पड़ताल की जा रही है और आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।

गांव में बढ़ी तनाव की स्थिति

घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है। एहतियातन पुलिस ने गांव में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया है ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटा जा सके।