Jaunpur : लासा गांव में एक घर से चोरों ने नकदी और जेवर समेत पांच लाख रुपये उड़ाए, जांच में जुटी पुलिस

जौनपुर। मीरगंज थाना क्षेत्र के लासा गांव में बीती रात अज्ञात चोरों ने एक घर को निशाना बनाते हुए नकदी और जेवरात समेत लगभग पांच लाख रुपये की चोरी कर ली। घटना की जानकारी सुबह होने पर परिवार में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर डायल 112 पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय मीरगंज पुलिस को सूचित किया। बाद में मीरगंज थानाध्यक्ष विनोद अंचल भी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की छानबीन शुरू कर दी।
जानकारी के अनुसार, लासा गांव निवासी लालजी तिवारी उर्फ लाली रात में अपने मकान के बाहर सो रहे थे, जबकि उनकी पत्नी पास के ही एक अन्य कमरे में थीं। इसी दौरान चोर मुख्य दरवाजे से घर में दाखिल हुए और भीतर बने कई कमरों का ताला तोड़कर वहां रखी लोहे की पांच बड़ी पेटियों को घर के पिछले हिस्से में ले जाकर तोड़ दिया। चोरों ने पेटियों से लगभग डेढ़ लाख रुपये नकद और भारी मात्रा में कीमती जेवरात पार कर दिए।
मकान मालिक के अनुसार चोरी हुए सामान में एक बड़ा सोने का मंगलसूत्र, एक छोटा मंगलसूत्र, चांदी की पायल, बिछिया, छागल, सोने के कान के टॉप्स, चांदी का कमरकंधा जैसे कीमती जेवर शामिल हैं। कुल नुकसान की अनुमानित कीमत लगभग पांच लाख रुपये बताई जा रही है। सुबह जब परिवार वालों को चोरी की भनक लगी, तो तत्काल डायल 112 पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी गई।
इसके बाद स्थानीय हल्का पुलिस के साथ-साथ मीरगंज थानाध्यक्ष विनोद अंचल मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने घटना स्थल से साक्ष्य जुटाए हैं और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है। थानाध्यक्ष विनोद अंचल ने बताया कि मामला गंभीर है और पुलिस पूरे प्रकरण की गहराई से जांच कर रही है। जल्द ही चोरी का खुलासा कर चोरों को पकड़ने की दिशा में कार्रवाई की जाएगी। ग्रामीणों ने भी पुलिस से जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी और चुराए गए माल की बरामदगी की मांग की है।
.webp)
