Jaunpur : संतोषी मां के नाम पर घर में घुसी तीन महिलाएं, दवा सुंघाकर गहने-नकदी पर हाथ किया साफ, ग्रामीणों ने पकड़कर पुलिस को सौंपा

जौनपुर। स्थानीय मछलीशहर कोतवाली क्षेत्र के भरहुपुर गांव में मंगलवार दोपहर एक ठगी की घटना सामने आई। तीन महिलाओं ने भीख मांगने के बहाने एक घर में घुसकर दवा सुंघाकर गहने और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। ग्रामीणों की सतर्कता से महिलाओं को पकड़ा गया और पुलिस के हवाले कर दिया गया।
घटना दोपहर करीब 3 बजे हुई जब संतोषी मां के नाम पर भीख मांगती तीन महिलाएं रामनाथ यादव के घर पहुंचीं। उन्होंने उनकी पत्नी विमला देवी से कहा कि 12 साल बाद बच्चा पैदा हुआ है, इसलिए भीख मांग रही हैं। विमला देवी ने दूध और रोटी लाकर दीं। उसी दौरान महिलाओं ने उन्हें एक दवा सुघा दी, जिससे विमला अर्धबेहोशी की हालत में आ गईं।
महिलाओं ने इस दौरान विमला देवी के कानफूल, लॉकेट, पैर की पायल, 2500 रुपये नकद और 6 साड़ियां लेकर फरार हो गईं। भागते समय उन्होंने घर की भतीजी प्रीति यादव को भी दवा सुघा दी। घटना के 10 मिनट बाद जब विमला को होश आया, तो गांव वालों ने मामले की जानकारी ली।
ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए करीब 1 किलोमीटर दूर पटेल बस्ती के पास भाग रहीं महिलाओं को पकड़ लिया और पुलिस को सूचित किया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर तीनों महिलाओं को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार महिलाओं की पहचान मेहनाज पत्नी गुड्डू, सकीना पत्नी राजू और रेहनाज पत्नी पुट्टी के रूप में हुई है। ये सभी ब्रह्मानपुर झुमका, थाना केराकत, जौनपुर की निवासी हैं। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जेल भेज दिया है।
पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि क्या महिलाओं ने अन्य जगहों पर भी इसी तरह की घटनाओं को अंजाम दिया है। ग्रामीणों की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई के चलते पुलिस ठगों को पकड़ने में सफल रही।
.webp)
