1. Home
  2. क्राइम

Jaunpur Triple Murder : रॉड-सरिया से मारकर पिता सहित दो बेटों की हत्या, वर्कशॅाप में सो रहे थे तीनों

..

जौनपुर। जफराबाद थाना क्षेत्र अंतर्गत मोहम्मदपुर कांध गांव में रविवार की रात एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई, जिसने पूरे इलाके को दहला कर रख दिया। अज्ञात हमलावरों ने एक वर्कशॉप में सो रहे पिता और उसके दो जवान बेटों की नृशंस हत्या कर दी। हमलावरों ने रॉड और सरिया से पीट-पीटकर तीनों को मौत के घाट उतार दिया। घटना का खुलासा सोमवार सुबह हुआ, जब एक रिश्तेदार वर्कशॉप पहुंचा।

मृतकों की पहचान मोहम्मदपुर कांध निवासी लालजी (50), उनके पुत्र यादवीर (32) और गुड्डू (25) के रूप में हुई है। लालजी का जल निगम की पाइपों के पास, कचगांव अंडरपास के पास चूड़ी पॉलिश करने का वर्कशॉप था। रविवार को तीनों पिता-पुत्र उसी वर्कशॉप में काम करने के सिलसिले में देर रात रुक गए थे और घर नहीं लौटे। परिजनों ने सोचा कि काम अधिक होने की वजह से वे वहीं रुक गए होंगे। सुबह जब एक रिश्तेदार वर्कशॉप पहुंचा तो वहां का नज़ारा देख उसके होश उड़ गए।

..

कमरे के अंदर तीनों के शव खून से लथपथ पड़े थे। उनके सिर पर गहरे और गंभीर चोटों के निशान थे, जिससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि हमलावरों ने लोहे की रॉड और सरिया से बेरहमी से मारकर तीनों की हत्या की है। हत्या किस वजह से हुई और इसके पीछे कौन लोग हैं, यह अभी तक स्पष्ट नहीं हो सका है। सूचना मिलने पर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण, क्षेत्राधिकारी सदर और जफराबाद थाने की फोर्स मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

पुलिस ने घटनास्थल को सील कर फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया, ताकि साक्ष्य जुटाए जा सकें। परिजन जब मौके पर पहुंचे और देखा कि शवों को बिना उनकी उपस्थिति के मोर्चरी भेज दिया गया है, तो उनका आक्रोश फूट पड़ा। आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने बाईपास पर लगभग 10 मिनट तक जाम लगा दिया। हालांकि पुलिस अधिकारियों ने किसी तरह समझा-बुझाकर लोगों को शांत किया और शवों को पोस्टमार्टम हाउस ले जाया गया।

..

फिलहाल घटनास्थल पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। ग्रामीणों में भय और आक्रोश का माहौल है, वहीं इस तीनहरे हत्याकांड को लेकर इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं भी तेज हैं। एसपी ग्रामीण का कहना है कि मामला बेहद संवेदनशील है। जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा। पीड़ित परिवार को हरसंभव सुरक्षा और न्याय दिलाया जाएगा।