1. Home
  2. क्राइम

Jaunpur: पेशाब करने को लेकर दो पक्षों में जमकर मारपीट, 6 घायल, दो की हालत गंभीर

Jaunpur: पेशाब करने को लेकर दो पक्षों में जमकर मारपीट, 6 घायल, दो की हालत गंभीर

जौनपुर। चन्दवक थाना क्षेत्र के बहिरी गांव में पेशाब करने को लेकर दो पक्षों में विवाद इतना बढ़ गया कि मामला मारपीट तक जा पहुंचा। इस झगड़े में दोनों पक्षों के कुल छह लोग घायल हो गए, जिनमें से दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।

क्या है पूरा मामला?

बहिरी गांव निवासी रामशंकर यादव की पत्नी लंबे समय से शिकायत कर रही थीं कि उनके पड़ोसी अशोक यादव गली में खुले में पेशाब करते हैं, जिससे गली गंदी होती है और बदबू फैलती है। इस मुद्दे को लेकर एक माह पूर्व थाने पर भी शिकायत की गई थी, जिसके बाद पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाया था और शांति भंग करने के आरोप में दो लोगों को पाबंद भी किया था।

सोमवार देर शाम अशोक यादव एक बार फिर उसी गली में पेशाब कर रहे थे, जिसे देखकर दूसरे पक्ष के लोगों ने इसका विरोध किया। विरोध बढ़ता चला गया और देखते ही देखते दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए। बहस के बाद मामला हाथापाई और फिर लाठी-डंडों से मारपीट तक पहुंच गया।

छह लोग घायल, दो की हालत गंभीर

मारपीट में एक पक्ष से घूरा यादव और अशोक यादव घायल हुए, जबकि दूसरे पक्ष से रामशंकर यादव, मनोज, सूरज और चांद को चोटें आईं। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को सीएचसी डोभी में भर्ती कराया। डॉक्टरों ने घूरा यादव के सिर में गंभीर चोट और पैर में फ्रैक्चर होने के कारण तथा अशोक यादव के सिर में गंभीर चोट को देखते हुए दोनों को वाराणसी ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया।

चार लोगों पर मुकदमा दर्ज

चन्दवक थाना प्रभारी ब्रजेश गुप्ता ने बताया कि उषा यादव की तहरीर पर रामशंकर यादव, मनोज, सूरज और चांद के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मामले की जांच जारी है।

गांव में तनाव, पुलिस तैनात

घटना के बाद गांव में तनाव की स्थिति बनी हुई है। पुलिस ने गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए तैनाती बढ़ा दी है। अधिकारी मामले की बारीकी से जांच कर रहे हैं और दोनों पक्षों को समझाने का प्रयास कर रहे हैं।