1. Home
  2. क्राइम

Jaunpur: शादी और जमीन के नाम पर 5.83 लाख की धोखाधड़ी, न्याय के लिए पीड़िता ने SP से लगाई गुहार

Jaunpur: शादी और जमीन के नाम पर 5.83 लाख की धोखाधड़ी, न्याय के लिए पीड़िता ने SP से लगाई गुहार

जौनपुर। शादी और जमीन के नाम पर पांच लाख 83 हजार रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। जब पीड़िता को थाने से न्याय नहीं मिला तो उसने पुलिस अधीक्षक से गुहार लगाई। एसपी के आदेश पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

क्या है पूरा मामला?

शाहगंज क्षेत्र के अख्खीपुर गांव निवासी उर्मिला पत्नी सुरेंद्र ने पुलिस अधीक्षक डॉक्टर कौस्तुभ को तहरीर देकर बताया कि उसके रिश्तेदार विकास यादव के साथ एक व्यक्ति, रजनीश उर्फ पिंटू, अक्सर उनके घर आता-जाता था। रिश्तेदार ने बताया था कि उसका साथी प्राथमिक विद्यालय में अध्यापक है और उससे उसकी बेटी की शादी की बात चलाई जा सकती है।

कुछ समय बाद एक सड़क दुर्घटना में विकास यादव की मृत्यु हो गई, लेकिन रजनीश उर्फ पिंटू का उनके घर आना-जाना जारी रहा। जब पीड़िता ने अपनी बेटी की शादी की बात रजनीश से की तो उसने सूरापुर स्थित बिजेठुआ रोड पर दो बिस्वा जमीन सस्ते में मिलने की बात कही। उसने एक बिस्वा जमीन खरीदने के लिए पीड़िता से 5.83 लाख रुपये हड़प लिए।

ठगी के बाद मोबाइल किया बंद

रुपये लेने के बाद आरोपी ने एक माह तक अपना मोबाइल बंद रखा। जब पीड़िता आरोपी के बताए गए पते पर पहुंची तो उसे पता चला कि वहां ऐसा कोई व्यक्ति नहीं रहता। ठगी का एहसास होने पर 20 जनवरी 2025 को पीड़िता ने कोतवाली में शिकायत दर्ज करवाई।

थाने में आरोपी ने पहचानने से किया इनकार

तहरीर मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी को फोन कर थाने बुलाया, लेकिन वहां पहुंचकर उसने पीड़िता को पहचानने से इनकार कर दिया। इसके बावजूद पुलिस ने उसे बिना किसी कार्रवाई के छोड़ दिया। न्याय न मिलने पर पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक से न्याय की गुहार लगाई।

एसपी के आदेश पर दर्ज हुआ मुकदमा

एसपी के आदेश पर पुलिस ने सरपतहां थाना क्षेत्र के सारी जहाँगीर पट्टी निवासी रजनीश यादव उर्फ पिंटू, राजन पुत्र रामचेत और एक अज्ञात के खिलाफ धोखाधड़ी समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

इस मामले में प्रभारी निरीक्षक दीपेंद्र सिंह ने बताया कि मामला संज्ञान में है और पुलिस जांच में जुटी हुई है।