1. Home
  2. क्राइम

Jaunpur : प्रेमी संग मिलकर पत्नी ने पति को उतारा मौत के घाट, शव के तीन टुकडे़ कर कमरे के नीचे किया दफन, फिर...

Jaubpur

जौनपुर/मुंबई: मुंबई के नाला सोपारा इलाके से एक रोंगटे खड़े कर देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक महिला ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर अपने ही पति की बेरहमी से हत्या कर दी और फिर शव को कमरे में टाइल्स के नीचे दफन कर दिया। आरोपी महिला हत्या के बाद उसी कमरे में बेड लगाकर आराम से रह रही थी।

हत्या के बाद शव को छुपाया गया

जानकारी के मुताबिक, उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले के बक्शा थाना क्षेत्र के अभयचंद पट्टी गांव निवासी विजय चौहान की शादी करीब सात साल पहले चमन चौहान से हुई थी। शादी के कुछ समय बाद दोनों मुंबई चले गए और वहां नाला सोपारा में किराए के मकान में रहने लगे। इस दौरान चमन की नज़दीकियां सामने रहने वाले बिहार निवासी मोनू प्रजापति से बढ़ गईं।

विजय जब काम पर रहता था, उसी दौरान चमन और मोनू के बीच अफेयर शुरू हुआ। पति-पत्नी के बीच अक्सर झगड़े होते रहते थे। एक दिन दोनों ने मिलकर विजय की हत्या करने की साजिश रची। चमन और मोनू ने मिलकर विजय के शरीर के तीन टुकड़े किए और कमरे में ही गड्ढा खोदकर उसे दफन कर दिया। बाद में उस जगह पर टाइल्स लगवाकर ऊपर बेड रख दिया गया।

घटना का हुआ खुलासा

विजय का छोटा भाई अखिलेश चौहान, जो मुंबई में ही दूसरे इलाके में रहता है, ने जब भाई से संपर्क न होने पर तलाश शुरू की तो पता चला कि चमन, मोनू और उनका 5 साल का बेटा गायब हैं। शक के आधार पर जब वह विजय के कमरे पर पहुंचा और ज़मीन की टाइल्स हटवाईं, तो अंदर से तीन टुकड़ों में शव बरामद हुआ।

मामले की जानकारी मिलते ही मुंबई पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश में जुट गई है।