Jaunpur : शारदा सहायक नहर में महिला का शव बरामद, पति की तलाश जारी

जौनपुर। सरपतहां थाना क्षेत्र के शेखाहीं गांव के पास शारदा सहायक नहर में एक महिला का शव पानी में तैरता हुआ मिला। ग्रामीणों ने शव को देखकर तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने स्थानीय लोगों की सहायता से शव को बाहर निकाला। महिला की पहचान खुटहन थाना क्षेत्र के मलूकपुर गांव निवासी किस्मती देवी के रूप में हुई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।
घटना का संबंध 5 जनवरी को मलूकपुर गांव में हुए एक हादसे से है। जानकारी के अनुसार, रामचरित्र और उनकी पत्नी किस्मती देवी खेत की सिंचाई करने गए थे, जहां करंट लगने से उनकी मौत हो गई थी। घटना के बाद, गांव के पूर्व प्रधान कमलेश सिंह ने डर के कारण दोनों शवों को बोरे में भरकर अपनी बोलेरो गाड़ी से सरपतहां थाना क्षेत्र के बासूपुर नहर में फेंक दिया था।
माता-पिता के लापता होने के बाद उनकी बेटी ने हत्या की आशंका जताते हुए पुलिस से मामले की जांच करने की अपील की थी। पुलिस ने जांच करते हुए पूर्व प्रधान को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी कमलेश सिंह ने खुलासा किया कि उसने खेत में फसल को जानवरों से बचाने के लिए बिजली के तार लगाए थे। उसने अपने ट्यूबवेल से तार को जोड़ दिया था ताकि जानवरों को बिजली का झटका लगे और वे खेत से दूर रहें। दुर्भाग्यवश, इसी करंट की चपेट में रामचरित्र और किस्मती देवी आ गए और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
आरोपी ने बताया कि घटना के बाद डर के कारण उसने अपने भाई अखिलेश के साथ मिलकर दोनों शवों को बोलेरो में रखा और नहर में फेंक दिया। पुलिस ने आरोपी को जेल भेज दिया है और नहर का पानी बंद कराकर दोनों शवों की तलाश शुरू की।
महिला का शव नहर से बरामद कर लिया गया है, लेकिन उनके पति रामचरित्र का शव अब भी लापता है। इस संबंध में शाहगंज क्षेत्राधिकारी अजीत सिंह चौहान ने बताया कि किस्मती देवी का शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है, और उनके पति के शव की तलाश जारी है। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।
.webp)
