9 बच्चों की मां ने प्रेमी संग मिलकर पति को उतारा मौत के घाट, शव ट्यूबवेल हौज में फेंका, फिर...

कासगंज। उत्तर प्रदेश के कासगंज जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। यहां भरगैन कस्बे में नौ बच्चों की मां ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति की बेरहमी से हत्या कर दी और शव को एक ट्यूबवेल के हौज में फेंक कर फरार हो गई।
एक सप्ताह पहले आया था ईंट-भट्ठे पर काम करने
मूल रूप से फर्रुखाबाद जिले के कायमगंज थाना क्षेत्र के उलियापुर गांव निवासी रतीराम नट (50) अपने परिवार के साथ ईंट-भट्ठे पर मजदूरी करने भरगैन आया था। उसकी पत्नी रीना का मायका भी भरगैन में ही है, और यहीं उसका प्रेम संबंध हनीफ नामक व्यक्ति से हो गया था, जो ईंट-भट्ठे पर ठेकेदारी करता था।
झगड़े के बाद की हत्या, शव को हौज में छिपाया
सूत्रों के अनुसार, 17 जून को रतीराम और रीना के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई। इसके बाद रीना ने प्रेमी हनीफ के साथ मिलकर पति की हत्या कर दी और शव को गांव के एक खेत में बने ट्यूबवेल हौज में फेंक दिया।
बच्चों को छोड़कर भाग निकली रीना
हत्या के बाद 18 जून से रतीराम लापता था, लेकिन 20 जून को रीना अपने नौ में से छह बच्चों को छोड़कर प्रेमी हनीफ के साथ फरार हो गई। बाकी तीन बेटियों की पहले ही शादी हो चुकी है। 21 जून को स्थानीय लोगों ने रोते हुए बच्चों को देखा, जिसके बाद पुलिस को जानकारी दी गई।
शव मिलने के बाद मचा हड़कंप
रविवार को लोगों को ट्यूबवेल के पास से तेज दुर्गंध आई। जब आसपास देखा गया तो हौज में एक शव उतराता मिला। मृतक के पैर पानी के ऊपर और सिर नीचे डूबा हुआ था। शव कई दिन पुराना लग रहा था और उसमें कीड़े तक पड़ चुके थे।
घटना की सूचना मिलने पर एसपी अंकिता शर्मा, एएसपी राजेश भारती, सीओ संतोष कुमार सहित थाना प्रभारी और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया और रीना व हनीफ के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
बच्चों को सौंपा गया ननिहाल
रीना के छोड़े गए छह बच्चों को फिलहाल उनके ननिहाल वालों को सौंप दिया गया है। वहीं, पुलिस ने रीना और हनीफ की तलाश तेज कर दी है और सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
एसपी अंकिता शर्मा ने कहा, "शव कई दिन पुराना है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से ही स्पष्ट होगा कि हत्या किस प्रकार की गई। आरोपी फरार हैं, उनकी तलाश जारी है।"
.webp)
