1. Home
  2. क्राइम

10 करोड़ का लोन दिलाने का झांसा देकर मेकअप आर्टिस्ट से 1.48 करोड़ की ठगी, गोवा बुलाकर लिए सोने के बिस्किट

Thagi

लखनऊ : ठाकुरगंज इलाके की एक मेकअप आर्टिस्ट को बिजनेस लोन दिलाने के नाम पर 10 करोड़ रुपये का झांसा देकर महिला जालसाजों ने करीब 1 करोड़ 48 लाख रुपये ठग लिए। यह पूरा मामला तब सामने आया जब पीड़िता को लोन के बदले दिया गया एग्रीमेंट नकली निकला और बैंक ने इसे फर्जी करार दे दिया। इस संबंध में सोमवार को पीड़िता ने ठाकुरगंज थाने में एफआईआर दर्ज कराई।

ऑनलाइन लोन के चक्कर में फंसी पीड़िता

पीड़िता इशरत खान ठाकुरगंज के बालागंज स्थित मरीमाता मंदिर के पास रहती हैं और मेकअप आर्टिस्ट हैं। उनका खुद का सैलून भी है। बिजनेस को आगे बढ़ाने के लिए उन्होंने 7 नवंबर 2023 को ‘पैसाबाज़ार’ वेबसाइट पर लोन के लिए आवेदन किया था।

चार दिन बाद उनके पास केजल पोरवाला नाम की एक महिला का कॉल आया, जिसने खुद को एसबीआई के बिजनेस लोन विभाग की कर्मचारी बताया। उसने इशरत से उनके व्यवसाय की जानकारी ली और दस्तावेज मांगे, जो इशरत ने उसे भेज दिए।

फर्जी अधिकारियों ने धीरे-धीरे वसूले करोड़ों

कुछ दिन बाद एक और महिला, लेखाश्री, ने संपर्क किया और खुद को एसबीआई के बिजनेस लोन डिपार्टमेंट की हेड बताया। उसने इशरत को भरोसा दिलाया कि उन्हें 10 करोड़ का लोन दिलवाया जाएगा। इसके बाद शुरुआत हुई पैसों की मांग की।

  • 1 जनवरी 2024 को फाइल चार्ज के नाम पर 6,000 रुपये लिए गए।

  • फिर स्टांप ड्यूटी व अन्य दस्तावेजी कार्य के नाम पर दो लाख रुपये मांगे गए।

  • धीरे-धीरे आरोपियों ने विभिन्न कारणों से पीड़िता से कुल 1.48 करोड़ रुपये अपने और अपनी मां के खातों में ट्रांसफर करवा लिए।

फर्जी एग्रीमेंट पकड़ा गया बैंक में

काफी पैसे देने के बाद जब लोन नहीं मिला तो इशरत ने आरोपियों पर दबाव बनाया। इसके बाद उन्हें एक लोन एग्रीमेंट सौंपा गया। लेकिन जब वह इसे लेकर एसबीआई चौक शाखा पहुंचीं, तो बैंक अधिकारियों ने उसे फर्जी करार दे दिया।

गोवा बुलाकर लिए गए सोने के बिस्किट

पीड़िता के अनुसार, जब उन्होंने दबाव बनाया तो आरोपी केजल ने बताया कि एसबीआई का रीजनल हेड फिलहाल गोवा में है और वहीं एग्रीमेंट मिलेगा। इशरत को तीन सोने के बिस्किट लेकर गोवा बुलाया गया। वहां एक व्यक्ति से मुलाकात हुई जिसने उन्हें एग्रीमेंट दिया और बदले में बिस्किट ले लिए।

‘बैक डोर एंट्री’ का झांसा और धमकी

गोवा में मिले व्यक्ति ने कहा कि लोन पांच दिन में बैकडोर से पास हो जाएगा, लेकिन फिर भी लोन नहीं मिला। जब इशरत ने दोबारा संपर्क किया तो आरोपी महिला ने कहा कि यह लोन ‘सीक्रेट’ तरीके से दिया जा रहा है, इसलिए किसी को बताना नहीं है।

थक-हारकर पीड़िता कर्नाटक के बेलगाम में आरोपी महिला के घर तक पहुंची, जहां उसे धमकी दी गई कि वह ज्यादा सवाल न करे वरना जान से हाथ धो बैठेंगी।

पुलिस कर रही जांच

ठाकुरगंज थाना प्रभारी श्रीकांत राय ने बताया कि पीड़िता की शिकायत पर केस दर्ज कर लिया गया है और जांच शुरू कर दी गई है। जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी।