1. Home
  2. क्राइम

महाकुंभ में स्नान के बहाने पत्नी को पति ले गया प्रयागराज, उतारा मौत के घाट, बच्चों को कहा- मां खो गई...

महाकुंभ में स्नान के बहाने पत्नी को पति ले गया प्रयागराज, उतारा मौत के घाट, बच्चों को कहा- मां खो गई...

Mahakumbh 2025 : प्रयागराज से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक व्यक्ति ने महाकुंभ में डुबकी लगाने के बहाने अपनी पत्नी को प्रयागराज लाया और फिर उसकी हत्या कर दी। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, दिल्ली निवासी 48 वर्षीय अशोक कुमार ने इस अपराध को अंजाम दिया। इस हत्याकांड की जानकारी होटल प्रबंधन ने पुलिस को दी, जिसके बाद जांच शुरू हुई। पुलिस पड़ताल में पता चला कि आरोपी ने परिजनों और बच्चों को यह कहकर गुमराह किया कि उनकी मां कुंभ मेले की भीड़ में खो गई। लेकिन जांच के बाद, पुलिस ने अशोक को गिरफ्तार कर लिया।

दिल्ली का निवासी है आरोपी अशोक

पुलिस जांच में सामने आया कि अशोक दिल्ली नगर निगम (MCD) में सफाई कर्मचारी के रूप में कार्यरत है और पूर्वी दिल्ली के त्रिलोकपुरी का रहने वाला है। इस हत्याकांड की गुत्थी सुलझाने के लिए झूंसी थाने की पुलिस, एसओजी नगर और सर्विलांस टीम को काम पर लगाया गया। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि अज्ञात मृतका अपने पति के साथ 18 फरवरी की रात महाकुंभ में स्नान करने प्रयागराज आई थी। दोनों ने झूंसी के आजाद नगर केवटाना इलाके में एक किराए का कमरा लिया था।

पत्नी की बेरहमी से हत्या कर फरार हुआ आरोपी

19 फरवरी की सुबह, महिला का शव कमरे से सटे बाथरूम में मिला। उसकी हत्या धारदार हथियार से की गई थी। हत्या के बाद अशोक मौके से फरार हो गया।

48 घंटों में पुलिस ने सुलझाया केस

डीसीपी अभिषेक भारती के मुताबिक, होटल मालिक की सूचना पर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। इसके बाद, पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और सोशल मीडिया प्लेटफार्मों पर मृतका की तस्वीरें साझा करके उसकी पहचान का प्रयास किया।

मृतका की पहचान उसके भाई ने की

21 फरवरी को मृत महिला के भाई प्रवेश कुमार और उसके दो बेटे अश्वनी व आदर्श झूंसी थाने पहुंचे। पुलिस ने उन्हें महिला के कपड़े और तस्वीरें दिखाई, जिसके बाद उन्होंने उसकी पहचान अपनी बहन मीनाक्षी के रूप में की। इसके बाद पुलिस ने जांच तेज कर दी और मृतका के भाई का बयान दर्ज किया।

आरोपी अशोक पुलिस की गिरफ्त में

डीसीपी अभिषेक भारती ने बताया कि महज 48 घंटों के भीतर पुलिस ने इस ब्लाइंड मर्डर केस को सुलझा लिया और आरोपी पति अशोक को गिरफ्तार कर लिया। हत्या के बाद, अशोक ने पुलिस और परिवार को यह झांसा दिया कि उसकी पत्नी कुंभ मेले में भीड़ में गुम हो गई है। लेकिन पुलिस जांच में यह कहानी झूठी निकली।

अवैध संबंधों के चलते बनाई साजिश

पूछताछ में खुलासा हुआ कि अशोक के किसी अन्य महिला से अवैध संबंध थे, और वह पिछले तीन महीनों से अपनी पत्नी की हत्या की योजना बना रहा था।

17 फरवरी को निकले थे प्रयागराज के लिए

पुलिस जांच में पता चला कि 17 फरवरी को अशोक अपनी पत्नी मीनाक्षी के साथ दिल्ली से प्रयागराज रवाना हुआ था। 18 फरवरी को दोनों झूंसी पहुंचे और एक कमरा किराए पर लिया। वहां पति-पत्नी के बीच कहासुनी हो गई।

पीछे से वार कर उतारा मौत के घाट

जब मीनाक्षी बाथरूम में थी, अशोक ने पीछे से उस पर हमला किया और धारदार हथियार से उसका गला रेत दिया।

मास्टरमाइंड अशोक का फर्जीवाड़ा

हत्या के बाद 19 फरवरी को अशोक ने अपने बेटे आशीष को फोन कर बताया कि उसकी मां मेले में खो गई है। इसके बाद, उसने सोशल मीडिया पर अपनी पत्नी के साथ कुंभ स्नान का वीडियो डाला, ताकि पुलिस को गुमराह किया जा सके।

गिरफ्तारी से पहले पुलिस को दिया झांसा

गिरफ्तारी से बचने के लिए अशोक ने पुलिस थाने में जाकर अपनी पत्नी की गुमशुदगी की रिपोर्ट भी दर्ज कराई। लेकिन पुलिस की जांच और सबूतों ने उसकी साजिश का पर्दाफाश कर दिया, और आखिरकार अशोक को दबोच लिया गया।

अब यह शातिर अपराधी कानून की गिरफ्त में है और उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है।