1. Home
  2. क्राइम

छेड़खानी का विरोध करने पर मनबढ़ ने किशोरी को छत से नीचे फेंका, गंभीर रुप से घायल

छेड़खानी का विरोध करने पर मनबढ़ ने किशोरी को छत से नीचे फेंका, गंभीर रुप से घायल

जौनपुर। मड़ियाहूं के कोतवाली क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां छेड़खानी का विरोध करने पर एक 14 वर्षीय किशोरी को मनबढ़ युवक ने छत से नीचे फेंक दिया, जिससे वह गंभीर रुप से घायल हो गई। जब परिजनों को इस घटना की जानकारी हुई तो वह घायल किशोरी को लेकर फौरन जौनपुर एक निजी अस्पताल पहुंचे, जहां उसका इलाज चल रहा है।

किशोरी की मां ने शनिवार शाम को कोतवाली में प्रार्थना पत्र देकर बताया कि 26 दिसंबर को करीब तीन 3:00 बजे की शाम परिवार के लोग खेत में काम करने गए थे। कक्षा आठ में पढ़ने वाली उनकी 14 वर्षीय लड़की घर में अकेली थी। छत के ऊपर सूखा कपड़ा उतार रही थी। इसी दौरान औरैला गांव निवासी मनबढ़ युवक जाफरुल पुत्र मेराज उर्फ ननकू घर में लड़की को अकेला देखकर घर के अंदर घुस गया और छेड़छाड़ करने लगा। जब किशोरी ने इसका विरोध किया तो उसने लड़की को छत से नीचे फेंक दिया, जिससे वह गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गई।

परिवार के लोग लड़की की चींख सुनकर दौड़े तो आरोपी युवक वहां से भाग खड़ा हुआ। परिजन घायल किशोरी को लेकर जौनपुर एक निजी हॅास्पिटल पहुंचे, जहां उसे कराया गया है, उसका इलाज चल रहा है।

वहीं 28 दिसंबर शाम को किशोरी की मां ने कोतवाली पहुंचकर तहरीर दी है। ग्रामीणों का कहना है कि आरोपी युवक इस तरह की और भी घटनाओं को अंजाम दे चुका है, लेकिन किसी ने डर से मुकदमा नहीं दर्ज कराया था।

इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक सत्य प्रकाश सिंह ने कहा कि पीड़ित किशोरी की मां आई थी और प्रार्थना पत्र की फोटो कॅापी देकर गई है। उसे बुलाया गया है जैसे ही ओरिजिनल प्रार्थना पत्र प्राप्त होता है मुकदमा पंजीकृत कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।