1. Home
  2. क्राइम

पत्नी पर कमेंट से आगबबूला हुआ पति...छोटे भाई और भतीजी को चाकू गोदकर उतारा मौत के घाट

Murder

UP News : मथुरा के गोविंद नगर थाना क्षेत्र में पारिवारिक तनाव ने दिल दहला देने वाली घटना का रूप ले लिया। एक मामूली विवाद में बड़े भाई ने अपने छोटे भाई और भतीजी पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।

यह दर्दनाक घटना श्रीकृष्ण जन्मस्थान के गेट नंबर तीन के पास घटी, जहां एक ही परिवार के खिल्लन और संजय अपने-अपने परिवार के साथ रहते थे। शुक्रवार की रात छोटे भाई संजय ने अपनी भाभी पर आपत्तिजनक टिप्पणी कर दी, जिससे गुस्से में आकर बड़े भाई खिल्लन ने संजय और उसकी 18 वर्षीय बेटी अंजलि पर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दिए।

गंभीर रूप से घायल पिता-पुत्री जमीन पर गिर पड़े। चीखपुकार सुनकर घर के अन्य सदस्य मौके पर पहुंचे और दोनों को आनन-फानन में जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल किया गया चाकू और अन्य साक्ष्य जब्त कर लिए हैं। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।

इस दोहरी हत्या से इलाके में सनसनी फैल गई है। पुलिस अब आरोपित भाई के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की तैयारी कर रही है और मामले की गहन जांच में जुटी है।