1. Home
  2. क्राइम

पुलिस को तलाश 51 साल के लुटेरे दूल्हे की, विधवा महिलाओं से पहले करता है दोस्ती, फिर ऐसे बनता है शिकार...

पुलिस को तलाश 51 साल के लुटेरे दूल्हे की, विधवा महिलाओं से पहले करता है दोस्ती, फिर ऐसे बनता है शिकार...

Mumbai Lootera Dulha : आपने लुटेरी दुल्हन के बारे में तो बहुत सुना होगा, लेकिन आज हम आपको लुटेरे दुल्हे के बारे में बताएंगे। जो विधवा महिलाओं को अपने जाल में फंसाकर पहले दोस्ती करता, फिर शादी कर उनके गहने और पैसे लेकर फरार हो जाता। हाल ही में एक महिला ने इस ठग के खिलाफ मुंबई के दिंडोशी पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज करवाई। पुलिस जांच में पता चला कि आरोपी पहले भी कई महिलाओं को इसी तरह धोखा दे चुका है।

मेट्रोमोनियल साइट से की दोस्ती, शादी के बाद हुआ फरार

पुलिस के अनुसार, 51 वर्षीय प्रमोद नाइक नामक व्यक्ति ने मेट्रोमोनियल साइट के जरिए एक 50 वर्षीय विधवा से दोस्ती की। उसने खुद को एक इवेंट कंपनी में वित्तीय प्रमुख बताया और शादी के कुछ ही महीनों बाद महिला के 17 लाख रुपये से अधिक के गहने लेकर फरार हो गया।

पिछले साल इस महिला ने अपने रिश्तेदारों के कहने पर मेट्रोमोनियल साइट पर प्रोफाइल बनाया। वहां उसे कई रिश्तों के प्रस्ताव मिले, लेकिन उसने प्रमोद नाइक को चुना, क्योंकि वह उसके समुदाय से था।

COVID-19 में पत्नी और बेटी की मौत का झूठा दावा

प्रमोद नाइक ने महिला को बताया कि कोविड के दौरान उसकी पत्नी और बेटी की मौत हो गई थी और वह अकेला रह रहा था। उसने खुद को एक प्रतिष्ठित इवेंट कंपनी में उच्च पद पर कार्यरत बताया।

महिला के परिवार की सहमति के बाद, नवंबर में गोरेगांव के एक मंदिर में उनकी शादी हुई, जिसके बाद वे मलाड ईस्ट में रहने लगे।

सुबह गायब मिला दूल्हा, 17 लाख के गहने भी ले गया

शादी के कुछ महीनों बाद, पिछले हफ्ते महिला जब सुबह सोकर उठी, तो पति घर से गायब था। उसका फोन भी बंद था। जब महिला ने घर की तलाशी ली, तो पता चला कि आलमारी में रखे गहने और पैसे भी गायब थे।

घबराकर उसने अपनी बेटी और अन्य रिश्तेदारों को सूचित किया और प्रमोद के बारे में पता लगाने के लिए उसकी बताई कंपनी में गई। वहां के लोगों ने बताया कि वह काफी पहले ही नौकरी छोड़ चुका है और इससे पहले भी कई महिलाएं उसे ढूंढने आ चुकी हैं।

विधवा महिलाओं को फंसाने में माहिर ठग

पुलिस जांच में सामने आया कि प्रमोद नाइक खासतौर पर विधवा महिलाओं को निशाना बनाता था। पहले मेट्रोमोनियल साइट पर दोस्ती करता, फिर भावनात्मक रूप से भरोसा जीतकर शादी करता और कुछ ही समय बाद गहने और पैसे लेकर फरार हो जाता।

पुलिस कर रही आरोपी की तलाश

दिंडोशी पुलिस ने आरोपी के खिलाफ IPC की धारा 305 (A) और 318 (4) के तहत मामला दर्ज कर लिया है और उसकी गिरफ्तारी के लिए तलाश जारी है।

पुलिस को संदेह है कि इस ठग ने अब तक कई महिलाओं को शिकार बनाया है, इसलिए अन्य पीड़ितों से भी संपर्क करने की अपील की जा रही है।